नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई बड़े नेताओं को मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने इस बार नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को दो विधानसभा सीट नंदीग्राम और भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। पिछली बार शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम से टिकट दिया गया था। इसके बाद ममता ने नंदीग्राम से शुभेंदु के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। साथ ही ममता बनर्जी भवानीपुर से भी चुनावी मैदान में उतरी थीं। ममता बनर्जी नंदीग्राम से हार गई थीं। हालांकि उन्होंने भवानीपुर से जीत हासिल की थी। इस बार BJP ने बड़ा दांव खेलते हुए शुभेंदु को भावनीपुर और नंदीग्राम दोनों से उम्मीदवार बनाया है।

आसानसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल और अशोक टिंडा को मोयना से टिकट
BJP की पहली लिस्ट में अग्निमित्रा पॉल का नाम भी शामिल है। अग्निमित्रा पॉल को आसानसोल दक्षिण विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में दिनांक 12 मार्च को सम्पन्न हुई थी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह एवं केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने होने वाले पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों के नामों पर स्वीकृति प्रदान की है।
क्रिकेटर अशोक डिंडा को BJP ने फिर से मोयना विधानसभा सीट से मौका दिया है। इससे पहले भी डिंडा को BJP ने मोयना विधासभा से ही टिकट दिया था और उन्होंने 1260 वोटों से जीत दर्ज की थी। पार्टी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर सीट से प्रत्याशी बनाया है। पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता को रशबेहारी सीट से मैदान में उतारा गया है।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान
चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला किया है। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की थी। पार्टी ने 215 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। वहीं, BJP ने 77 सीटें जीतकर मुख्य विपक्ष की भूमिका हासिल की थी। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में कुल 294 सीटें हैं।

















