चण्डीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय विद्यार्थियों द्वारा श्री गुरु तेगबहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस को समर्पित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्र प्रचारक श्री बनवीर राणा व अन्यों के शामिल होने पर राजनीतिक दलों से जुड़े कुछ छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हुल्लड़बाजी की। समारोह स्थल पर तैनात पुलिस बल के जवानों ने दंगा करने पर उतारू प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया पर वे नारेबाजी करते रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस विरोध प्रदर्शन की निंदा की है।
संघ दुनिया का सबसे बड़ा देशभक्त संगठन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सभी धर्मों का सम्मान करता है। स्वस्तिक गौतम ने कहा कि संघ विश्व का सबसे बड़ा देशभक्त संगठन है। उन्होंने आह्वान किया है कि सभी छात्र संगठन एकजुट रहें।
स्वस्तिक गौतम ने कहा कि सोमवार को लॉ ऑडिटोरियम में आरएसएस के उत्तर क्षेत्र के प्रचारक बनवीर सिंह, भाई धर्म सिंह जी की 11 वीं पीढ़ी के गुरप्रीत सिंह दलाल, डॉ सोरन सिंह प्रेसिडेंट ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन, वाइस चांसलर रेनू विग, भाजपा संसदीय बोर्ड मेंबर इकबाल सिंह लालपुरा ने सिक्ख गुरुओं तेग बहादुर व पंज प्यारे का भारतीय सभ्यता में योगदान के इतिहास और उनके देश के लिए बलिदान बारे में बौद्धिक दिया।
कार्यक्रम का राजनीति से कोई संबंध नहीं था और इसे यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा ही आयोजित किया गया था। गौतम ने कहा कि चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ छात्र संगठन इस कार्यक्रम का विरोध करने आये जो सही नहीं है। यह छात्रों ओर विरोधियों की संकीर्ण मानसिकता का परिचायक है।













