राजस्थान के अलवर जिले से एक प्राचीन मंदिर में तोड़फोड़ किए जाने की घटना प्रकाश में आई है। बताया जाता है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने कब्रिस्तान के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ की। मूर्तियों को तोड़ दिया और गाय का बछड़ा काटकर वहां फेंक दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ये घटना 2 मार्च को अरावली विहार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत भाखेड़ा गांव के पास घटी। यहां एक कब्रिस्तान के ठीक समीप एक प्राचीन मंदिर बना हुआ है, जहां लोग लंबे समय से पूजा-पाठ करते आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला
बताया जाता है कि एक दिन पहले सब कुछ सामान्य था। अगले दिन सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे तो देखा कि शिवलिंग पूरी तरह टूटकर खंडित हो चुका था। उसके टुकड़े जमीन पर बिखरे पड़े थे। साथ ही अन्य मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त मिलीं। नंदी की मूर्ति की गर्दन टूटी हुई थी और गणेश जी की सूंड भी खंडित कर दी गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तीन दिन पहले भी नंदी की गर्दन और गणेश की सूंड टूटी मिली थी, तब सबने सोचा था कि बंदरों ने किया होगा। लेकिन इस बार टूट-फूट इतनी गंभीर थी कि लग रहा था कोई जानबूझकर ऐसा कर रहा है।
बछड़े का मामला
मंदिर के बहुत पास ही एक बछड़े का शव मिला, जो काटा हुआ था। शव को वहीं फेंक दिया गया था। इस देखकर लोगों में और गुस्सा आ गया। कई लोगों ने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं लगती, बल्कि किसी ने सोच-समझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की है। बछड़े को मारकर फेंकना और मंदिर में तोड़फोड़ एक साथ होना लोगों को बहुत बुरी लगी।
लोगों की प्रतिक्रिया
जैसे ही खबर फैली, आसपास के लोग, ज्यादातर एक ही समुदाय से, मंदिर पर पहुंच गए। काफी संख्या में इकट्ठा होकर उन्होंने विरोध जताया और धरना दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर बहुत पुराना है और यहां की आस्था से जुड़ा है। लोगों ने कहा कि पहले की छोटी-मोटी तोड़फोड़ को नजरअंदाज किया गया, लेकिन अब यह हद पार हो गई है। ब्राह्मण समाज के नेता आकाश मिश्रा ने भी कहा कि असामाजिक तत्वों ने शिवलिंग खंडित किया, मूर्तियां तोड़ीं और बछड़े को मारकर फेंका, जिससे धार्मिक माहौल खराब करने की कोशिश हुई लगती है।
बहरहाल घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अरावली विहार थाने की टीम ने जांच शुरू की। उन्होंने जगह का मुआयना किया, फोटो लिए और लोगों से बातचीत की। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं आई है।

















