होली रंगों, खुशियों और स्वादिष्ट पकवानों का त्योहार है। इस दिन तरह-तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं, जिनमें दही भल्ले का खास स्थान होता है। ठंडे, मुलायम और चटपटे दही भल्ले हर किसी को बेहद पसंद आते हैं। अगर आप इस होली पर बाज़ार से खरीदने के बजाय घर पर ही शुद्ध, स्वादिष्ट और हेल्दी दही भल्ला बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके लिए एकदम सही है।
सामग्री- उड़द दाल- 1 कप, मूंग दाल- आधा कप, दही – 2 कप, नमक- स्वादानुसार, जीरा पाउडर- आधा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच, इमली की चटनी- स्वादानुसार, हरी धनिया चटनी- स्वादानुसार, तेल- तलने के लिए।
यह भी पढ़ें- Holi Special Recipe: मिनटों में बनाएं परफेक्ट हलवाई जैसा मालपुआ
बनाने की विधि- सबसे पहले उड़द और मूंग दाल को अच्छे से धोकर 6–7 घंटे या रातभर के लिए भिगो दें। इसके बाद दाल का पानी निकालकर मिक्सर में हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि घोल बहुत ज्यादा पतला न हो। अब इसमें थोड़ा नमक डालकर अच्छी तरह फेंटें, जिससे घोल हल्का और फूला हुआ हो जाए। इससे भल्ले बेहद मुलायम बनेंगे। अब कढ़ाही में तेल गरम करें। हाथों से या चम्मच की मदद से छोटे-छोटे भल्ले बनाकर मध्यम आंच पर सुनहरे होने तक तलें। जब भल्ले अच्छे से पक जाएं, तो इन्हें निकालकर गुनगुने पानी में 15–20 मिनट के लिए डाल दें। इससे भल्ले नरम हो जाएंगे और अतिरिक्त तेल भी निकल जाएगा। इसके बाद भल्लों को हल्के हाथों से दबाकर पानी निकाल लें। अब एक बाउल में दही को अच्छे से फेंटें और उसमें थोड़ा नमक मिला लें। सर्विंग प्लेट में भल्ले रखें और ऊपर से अच्छी मात्रा में दही डालें। फिर इमली की चटनी और हरी धनिया चटनी डालें। आखिर में जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़कें। दही को परोसने से पहले फ्रिज में ठंडा कर लें, इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा। ऊपर से अनार के दाने या सेव डालकर सजाया जा सकता है।

















