वाराणसी। काशी की दालमंडी में ध्वस्तीकरण के दौरान आग लगाने और बवाल करने के मामले में दालमंडी चौकी प्रभारी प्रकाश सिंह चौहान की तहरीर पर अजमत, फारूक खान व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ चौक थाने में BNS की धारा 221 व 7 सीएलए एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत हुआ है।
दालमंडी में आज भी ध्वस्तीकरण की कार्यवाही जारी रहेगी। कल जिन 21 जर्जर मकानों को ध्वस्त करना था आज उन बचे हुए मकानों के ध्वस्तीकरण का किया जायेगा। एसीपी डॉ अतुल अंजान ने बताया कि कल ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार ने छज्जे में आग लगा दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
दालमंडी में सोमवार को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई। नगर निगम द्वारा चिह्नित किए गए भवनों को बुलडोजर से तोड़ा गया। कार्रवाई के दौरान जब टीम भवन संख्या सीके 40/71 को ध्वस्त करने पहुंची तो मकान की खिड़की से एक व्यक्ति बोतल में भरा ज्वलनशील पदार्थ नीचे टिन शेड पर छिड़कने लगा। उसने तुरंत आग लगा दी, जिससे टिन शेड पर तेज आग जलने लगी। बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने आग बुझाई।

















