रूस के उफा शहर में, बश्किर स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल में 7 फरवरी 2026 को एक डरावनी घटना हुई। स्पोर्ट्स हॉल में अचानक एक किशोर चाकू लेकर घुस आया और वहां मौजूद छात्रों पर हमला बोल दिया।
इसमें कुल कई लोग घायल हुए, जिनमें से चार भारतीय छात्र भी शामिल हैं। इन चारों भारतीय लड़कों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी उनकी चोटों के बारे में ज्यादा डिटेल नहीं आई है कि कितनी गंभीर हैं, लेकिन सबको इलाज चल रहा है।
हमलावर के बारे में पता चला कि वो करीब 15 साल का टीनएजर था। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची, तो उसने जबरदस्त विरोध किया। इस चक्कर में दो पुलिसवाले भी चाकू से घायल हो गए। खुद हमलावर ने भी अपने ऊपर चाकू चलाया और वो अब गंभीर हालत में है। उसे लोकल चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल में रखा गया है।
इसे भी पढ़ें: मैक्रों की भारत यात्रा से पहले डिफेंस डील पर नजर: 114 राफेल जेट्स की खरीद को अगले सप्ताह DAC की मीटिंग
रूसी इंटीरियर मिनिस्ट्री की प्रवक्ता मेजर जनरल इरीना वोल्क ने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त हमलावर ने इतना विरोध किया कि पुलिस वाले घायल हुए और खुद उसने भी खुद को काफी चोट पहुंचाई। घटना के बाद पूरे हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। कुछ छात्रों ने बताया कि चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था, देखकर दिल दहल जाता। एम्बुलेंस जल्दी पहुंची और घायलों को फौरन अस्पताल ले जाया गया।
रूसी जांच एजेंसी (इन्वेस्टिगेटिव कमिटी) ने तुरंत केस शुरू कर दिया है। अभी तक ये साफ नहीं हुआ कि हमले का असली कारण क्या था, या वो किशोर का उन छात्रों से कोई पुराना झगड़ा था या कुछ और। भारतीय दूतावास ने X पर पोस्ट किया कि उफा में ये बहुत दुखद घटना हुई है, जिसमें चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं। दूतावास रूसी अधिकारियों से लगातार संपर्क में है। कज़ान में भारतीय वाणिज्य दूतावास के लोग अभी उफा पहुंच रहे हैं ताकि घायल छात्रों से मिल सकें, उनकी हालत जान सकें और जो भी मदद चाहिए वो पहुंचा सकें।











