उर्दू के दिवंगत शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना को उसके शौहर ने तीन तलाक दे दिया है। इसके बाद उसने लखनऊ में अपने वैवाहिक जीवन में हुई परेशानियों को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हिबा ने शौहर पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना का आरोप है। हिबा दो बच्चों की मां हैं और फिलहाल मायके में रह रही हैं। पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जांच चल रही है।
निकाह और शुरुआती दौर
हिबा राना का निकाह 19 दिसंबर 2013 को सैय्यद मोहम्मद साकिब से हुआ था। साकिब करीमगंज के सकीर हाउस के रहने वाले हैं। शादी सुन्नी रीति-रिवाज से हुई। मायके वालों ने दहेज में सोने-हीरे के आभूषणों के साथ करीब 10 लाख रुपये नकद दिए थे। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटा सैय्यद फवाज और बेटी हय्याम फातिमा।
आरोप क्या हैं
हिबा का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पहले तो सामान्य मांगें थीं, लेकिन पिछले एक साल से उन्होंने 20 लाख रुपये नकद और एक फ्लैट की डिमांड की। मांग पूरी न होने पर उनके साथ लगातार मारपीट शुरू हो गई। कई बार बेरहमी से पीटा गया, गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकियां भी मिलीं। हिबा ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने वैवाहिक जीवन बचाने के लिए कई बार समझौते किए और पैसे भी दिए, लेकिन प्रताड़ना रुकने का नाम नहीं ले रही थी।
इसे भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में SIR के दौरान हिंसा पर EC ने की SC से हस्तक्षेप की मांग, ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट्स के अनुसार, मामला कुछ यूं है कि 9 अप्रैल 2025 को घर में बहस हुई। पति साकिब ने गुस्से में आकर हिबा को गालियां दीं और मारपीट की। इसी दौरान हिबा की बहन आर्शिया राना (उर्फ टीना) उन्हें बचाने पहुंची। आरोप है कि साकिब और भी भड़क गया। उसने चिल्लाकर तीन बार “तलाक, तलाक, तलाक” बोला, हिबा को धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। हिबा किसी तरह मायके पहुंची और वहां से पुलिस में शिकायत की।
पुलिस में केस दर्ज
हिबा ने लखनऊ के सआदतगंज थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति सैय्यद मोहम्मद साकिब और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 85, 115(2), 351(2), 352, दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4, साथ ही मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकार संरक्षण) अधिनियम 2019 की धाराएं 3 और 4 लगाई गई हैं। थाना प्रभारी संतोष कुमार आर्या ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज हो गया और जांच शुरू है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
हिबा ने अपनी शिकायत में मानसिक तनाव, डिप्रेशन और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। वे कहती हैं कि अभी भी धमकियां मिल रही हैं। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस मामले को घर का निजी मामला बताया है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया चल रही है।












