शिमला मिर्च एक ऐसी सब्जी है जो लगभग हर घर में बनती है। इसकी सब्जी तो सभी खाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी शिमला मिर्च का अचार बनाया है? यह अचार स्वाद में बहुत चटपटा होता है और खाने का मजा दोगुना कर देता है। खास बात यह है कि इसे घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं शिमला मिर्च का अचार बनाने की सरल विधि।
सामग्री- शिमला मिर्च- 500 ग्राम, सरसों का तेल- 1 कप, नमक- स्वादानुसार, हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर- 2 छोटे चम्मच, सौंफ- 2 बड़े चम्मच, मेथी दाना- 1 बड़ा चम्मच, राई (सरसों)- 1 बड़ा चम्मच, हींग- 1 चुटकी, नींबू का रस या सिरका- 2 बड़े चम्मच।
अचार बनाने की आसान विधि- सबसे पहले शिमला मिर्च को अच्छे से धो लें। फिर इसे कपड़े से पोंछकर पूरी तरह सुखा लें। ध्यान रखें कि शिमला मिर्च में पानी बिल्कुल भी न रहे, वरना अचार जल्दी खराब हो सकता है। अब शिमला मिर्च को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। बीज निकाल दें तो अचार ज्यादा अच्छा बनेगा।
एक पैन में सौंफ, मेथी और राई को हल्का सा भून लें। इससे मसालों की खुशबू और स्वाद बढ़ जाता है। अब इन मसालों को थोड़ा दरदरा पीस लें। कटे हुए शिमला मिर्च के टुकड़ों में नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और पीसे हुए मसाले डालकर अच्छे से मिला लें। ऊपर से हींग भी डाल दें।
यह भी पढ़ें- घर पर ऐसे बनाएं लाल भरवा मिर्च का अचार
अब सरसों के तेल को अच्छी तरह गरम करें जब तक उसमें से धुआं न निकलने लगे। फिर गैस बंद करके तेल को थोड़ा ठंडा होने दें। जब तेल हल्का गुनगुना रह जाए तब उसे शिमला मिर्च के मसाले वाले मिश्रण में डाल दें।अच्छे से मिलाएं ताकि तेल हर टुकड़े में लग जाए। अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए इसमें नींबू का रस या सिरका मिला दें।
अचार को कैसे रखें- अब इस अचार को एक साफ और सूखे कांच के जार में भर दें। जार को 2-3 दिन तक धूप में रखें और रोज एक बार हिला दें ताकि मसाले अच्छे से मिल जाएं। कुछ दिनों बाद आपका स्वादिष्ट शिमला मिर्च का अचार तैयार हो जाएगा। यह अचार पराठे, दाल-चावल, सब्जी या किसी भी खाने के साथ बहुत स्वादिष्ट लगता है।











