एलोन मस्क की स्पेसएक्स कंपनी ने अपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाली कंपनी xAI को अपने साथ मिला लिया है। यह डील 2 फरवरी 2026 को आधिकारिक तौर पर घोषित हुई। स्पेसएक्स की वेबसाइट पर जारी बयान में इसे दोनों कंपनियों का मर्जर बताया गया है, जिससे एक बहुत बड़ी और इंटीग्रेटेड कंपनी बनेगी।
मर्जर की घोषणा और बयान
स्पेसएक्स ने सोमवार को अपनी वेबसाइट पर एक स्टेटमेंट जारी किया। इसमें कहा गया कि यह मर्जर “पृथ्वी पर और पृथ्वी के बाहर सबसे महत्वाकांक्षी, वर्टिकली इंटीग्रेटेड इनोवेशन इंजन” बनाएगा। इसमें AI, रॉकेट्स, स्पेस-बेस्ड इंटरनेट (स्टारलिंक), डायरेक्ट-टू-मोबाइल कम्युनिकेशंस, और दुनिया का सबसे बड़ा रीयल-टाइम इंफॉर्मेशन और फ्री स्पीच प्लेटफॉर्म शामिल होंगे।
यह डील स्पेसएक्स के लिए xAI की संपत्तियां लाती है, जैसे Grok चैटबॉट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था)। xAI ने 2025 की शुरुआत में X को एक ऑल-स्टॉक ट्रांजेक्शन में खरीदा था।
मर्जर का मुख्य कारण
कंपनियों के बयान में मुख्य वजह स्पेस में AI को चलाने की प्लानिंग बताई गई है। अभी AI के लिए बड़े-बड़े डेटासेंटर जमीन पर बने हैं, जिन्हें बहुत ज्यादा बिजली और कूलिंग चाहिए। बयान में कहा गया – “AI की मौजूदा तरक्की बड़े जमीन-आधारित डेटासेंटर पर निर्भर है, जो भारी बिजली और कूलिंग मांगते हैं। AI के लिए ग्लोबल बिजली की मांग को जमीन पर ही पूरा करना मुश्किल है, इससे कम्युनिटीज और पर्यावरण पर बोझ पड़ेगा। लंबे समय में स्पेस-बेस्ड AI ही स्केल करने का एकमात्र रास्ता है।”
एलोन मस्क लंबे समय से स्पेस में डेटासेंटर और सोलर-पावर्ड सैटेलाइट्स लगाने की योजना बना रहे हैं, ताकि AI को बहुत ज्यादा पावर मिल सके। यह मर्जर इसी प्लान को सपोर्ट करेगा, क्योंकि स्पेसएक्स के पास स्टारलिंक सैटेलाइट्स और रॉकेट लॉन्च की क्षमता है।
कंपनियों की क्या है वैल्यूएशन
स्पेसएक्स दुनिया की सबसे वैल्यूएबल प्राइवेट कंपनियों में से एक है। दिसंबर 2025 में इन्वेस्टर्स को लेटर में इसकी वैल्यूएशन $800 बिलियन बताई गई थी। अब इस मर्जर के बाद संयुक्त कंपनी की वैल्यूएशन $1 ट्रिलियन से ज्यादा होने की उम्मीद है, कुछ रिपोर्ट्स में $1.25 ट्रिलियन तक का जिक्र है।xAI की वैल्यूएशन पिछले महीने $230 बिलियन तक पहुंच गई थी, जब उसने $20 बिलियन की सीरीज E फंडिंग रेज की। टेस्ला ने भी पिछले महीने xAI में $2 बिलियन निवेश करने की बात कही थी। स्पेसएक्स अमेरिकी सरकार से बड़े कॉन्ट्रैक्ट्स लेती है और सैटेलाइट लॉन्च में लीडर है। xAI AI बूम के बीच तेजी से बढ़ी है, खासकर Grok AI टूल के साथ।
एलोन मस्क के बिजनेस को एक साथ जोड़ेगा यह मर्जर
यह मर्जर एलोन मस्क के बिजनेस को और ज्यादा एक साथ लाता है। स्पेसएक्स इस साल के अंत में पब्लिक होने की तैयारी कर रही है, यानी IPO आने वाला है, जिसकी वैल्यूएशन $1 ट्रिलियन से ऊपर हो सकती है। मर्जर की खबरें पहले रॉयटर्स ने रिपोर्ट की थीं, और मस्क ने X पर एक पोस्ट के जवाब में सिर्फ “yes” लिखकर इसकी पुष्टि जैसा संकेत दिया था।











