अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अभी भी टैरिफ-टैरिफ खेल रहे हैं। उन्होंने कनाडा से बने एयरक्राफ्ट पर 50% टैरिफ की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि वो कनाडा में बने सभी एयरक्राफ्ट को डिसर्टिफाई कर रहे हैं और अगर कनाडा ने अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम के जेट्स को सर्टिफाई नहीं किया तो कनाडा से अमेरिका में बेचे जाने वाले हर एयरक्राफ्ट पर 50% टैरिफ लगा देंगे।
क्या है पूरा मामला
ट्रंप का कहना है कि कनाडा गल्फस्ट्रीम के कुछ मॉडल्स – जैसे G500, G600, G700 और G800 – को सर्टिफाई करने से मना कर रहा है। ये जेट्स जॉर्जिया के सवाना में बने हैं और गल्फस्ट्रीम एक बड़ी अमेरिकी कंपनी है। ट्रंप ने इसे “गलत, गैरकानूनी और जिद्दी” रवैया बताया। बदले में उन्होंने कनाडा की सबसे बड़ी एयरोस्पेस कंपनी बॉम्बार्डियर के ग्लोबल एक्सप्रेस बिजनेस जेट और कनाडा में बने सभी एयरक्राफ्ट को डिसर्टिफाई करने की बात कही। उन्होंने पोस्ट किया, “कनाडा गल्फस्ट्रीम प्रोडक्ट्स की सेल को सर्टिफिकेशन प्रोसेस से रोक रहा है। अगर ये तुरंत ठीक नहीं हुआ तो मैं कनाडा से अमेरिका में बिकने वाले हर एयरक्राफ्ट पर 50% टैरिफ लगा दूंगा।”
ट्रंप ने बॉम्बार्डियर के ग्लोबल एक्सप्रेस का नाम खास तौर पर लिया, जो क्यूबेक में बनता है। उनका कहना है कि जब तक गल्फस्ट्रीम को कनाडा में फुल सर्टिफिकेशन नहीं मिलता, तब तक ये सब जारी रहेगा।
ट्रेड वॉर का बैकग्राउंड
ये धमकी अमेरिका और कनाडा के बीच चल रहे ट्रेड टेंशन का हिस्सा है। ट्रंप के दूसरे टर्म में से ही दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने कनाडा को 100% टैरिफ की धमकी दी थी अगर वो चीन के साथ कोई ट्रेड डील करता है। कनाडा ने हाल में चीन से इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर कुछ टैरिफ कम किए थे, जिससे ट्रंप नाराज हुए। कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने कहा था कि वो उम्मीद करते हैं ट्रंप कनाडा की संप्रभुता का सम्मान करेंगे। ये सब USMCA (अमेरिका-मेक्सिको-कनाडा ट्रेड एग्रीमेंट) के रिन्यूअल से पहले हो रहा है, जो इस साल रिव्यू होने वाला है।
क्या हुआ है अब तक
व्हाइट हाउस से अभी कोई एग्जीक्यूटिव ऑर्डर नहीं निकला है इस बारे में। ये साफ नहीं है कि ट्रंप के पास कानूनी तौर पर फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के जरिए कनाडाई एयरक्राफ्ट को डिसर्टिफाई करने का अधिकार है या नहीं। CNN ने FAA से कमेंट मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। बॉम्बार्डियर और कनाडा के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर की तरफ से भी अभी कोई सीधा रिएक्शन नहीं आया है।
ट्रंप की ये पोस्ट एक दिन पहले आई, जब कनाडा के पीएम ने संप्रभुता पर बात की थी और अल्बर्टा सेपरेटिस्ट्स के अमेरिकी अधिकारियों से मिलने की खबरें थीं। ये सब मिलाकर दोनों देशों के बीच ट्रेड और पॉलिटिकल रिश्तों में और तनाव बढ़ा रहा है।












