उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। रविवार को हुई श्री गंगोत्री मंदिर समिति की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। यह प्रतिबंध न केवल गंगोत्री धाम, बल्कि मां गंगा के शीतकालीन निवास मुखबा पर भी लागू होगा।
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का इस विषय पर स्पष्ट रुख है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी धार्मिक स्थल और देवस्थान धार्मिक संगठनों और पूज्य संत समाज से जुड़े हुए हैं, और सरकार उनकी राय के अनुसार आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस संबंध में पहले से बने कुछ कानूनों का अध्ययन किया जा रहा है और उन्हीं कानूनों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय ही कि बद्री केदार मंदिर समिति भी अपने मंदिरों में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगा चुकी है। हरिद्वार में श्री गंगा सभा ने भी हर की पैड़ी को गैर हिंदू प्रवेश पर रोक लगाई हुई है।

















