कनाडा में भारतीय मूल के 28 साल के युवक दिलराज सिंह गिल की हत्या हो गई है। यह घटना 22 जनवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे ब्रिटिश कोलंबिया के बर्नाबी इलाके में हुई। पुलिस ने इसे टारगेटेड किलिंग बताया है और लगता है कि यह बीसी (British Columbia) के गैंग कॉन्फ्लिक्ट से जुड़ी हुई है।
घटना कैसे हुई
पुलिस को कनाडा वे के 3700 ब्लॉक में गोली चलने की सूचना मिली। बर्नाबी RCMP के फ्रंटलाइन अफसर तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां दिलराज सिंह गिल को गोली लगी हुई मिले। अफसरों ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे बच नहीं पाए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के कुछ देर बाद ही पास के 5000 ब्लॉक ऑफ बक्सटन स्ट्रीट में एक गाड़ी में आग लगी मिली। पुलिस जांच कर रही है कि क्या यह आग उस गोलीबारी से जुड़ी हुई है या नहीं।
पुलिस की जांच और बयान
मामले की जांच अब इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) कर रही है। पुलिस ने 24 जनवरी 2026 को दिलराज की पहचान सार्वजनिक की। IHIT ने कहा कि गिल पुलिस के लिए पहले से जाना-पहचाना नाम था। जांचकर्ताओं का मानना है कि यह मौत बीसी गैंग वॉर से जुड़ी है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि दिलराज का कनेक्शन पहले के कांग/बीआईबीओ गैंग से था और उनके खिलाफ ड्रग से जुड़े अपराधों का इतिहास भी रहा है। बर्नाबी RCMP ने कहा, “हमने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अफसोस कि युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।”
बैंकूवर के रहने वाले थे दिलराज
दिलराज सिंह गिल वैंकूवर के रहने वाले थे। पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है और न ही कोई संदिग्ध का नाम जारी किया है। जांच जारी है। यह केस कनाडा में चल रहे गैंग वॉयलेंस का एक और उदाहरण लगता है, खासकर ब्रिटिश कोलंबिया में जहां पिछले कुछ समय से ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं।











