अगर आप नौकरी करते हैं और आपका PF कटता है, तो आपने कभी न कभी EPFO से जुड़ी दिक्कत जरूर झेली होगी। कभी क्लेम अटक गया, कभी ट्रांसफर में महीनों लग गए, तो कभी पोर्टल ही ठीक से काम नहीं किया। छोटी-सी गलती सुधारने में भी हफ्तों निकल जाते हैं। इन्हीं परेशानियों को खत्म करने के लिए सरकार अब EPFO 3.0 लाने की तैयारी कर रही है। EPFO 3.0 सिर्फ एक नया पोर्टल नहीं है, बल्कि PF सिस्टम को पूरी तरह बदलने की कोशिश है। इसका मकसद PF सेवाओं को मोबाइल बैंकिंग जितना आसान, तेज और भरोसेमंद बनाना है, ताकि आम कर्मचारी को बार-बार ऑफिस के चक्कर न काटने पड़ें।
क्या है EPFO 3.0- अब तक EPFO का सिस्टम पुराने सॉफ्टवेयर और अलग-अलग डेटाबेस पर चलता रहा है। इसी वजह से क्लेम, ट्रांसफर और करेक्शन में देरी होती थी। EPFO 3.0 में पूरा टेक्नोलॉजी सिस्टम बदला जाएगा। नया सिस्टम सेंट्रलाइज्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा, ठीक वैसे ही जैसे बैंकिंग सिस्टम होता है। इसका मतलब है कि देश के किसी भी कोने में हों, आपको एक जैसा अनुभव मिलेगा। डेटा रियल टाइम में अपडेट होगा और प्रोसेसिंग तेज होगी। सरकार का लक्ष्य EPFO को एक स्मार्ट डिजिटल सर्विस बनाना है।
क्लेम अब होंगे जल्दी और आसान- आज PF क्लेम की सबसे बड़ी समस्या है समय और ऑब्जेक्शन। कई बार सही होने पर भी क्लेम रिजेक्ट हो जाता है या बेवजह अटक जाता है। EPFO 3.0 में इसे सुधारने के लिए AI बेस्ड ऑटो प्रोसेसिंग सिस्टम लाया जा रहा है। इसका मतलब यह है कि बीमारी, शादी, पढ़ाई या घर खरीदने जैसे कारणों से PF एडवांस लेने पर मशीन खुद ही क्लेम की जांच करेगी। अगर सब कुछ सही पाया गया, तो 24 से 48 घंटे में पैसा आपके खाते में आ सकता है। इंसानी दखल कम होगा, तो बेवजह की रोकटोक और देरी भी कम होगी। अब बार-बार डॉक्यूमेंट अपलोड करने या EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जो काम पहले 10–15 दिन में होता था, वही काम 2–3 दिन में पूरा हो सकेगा। EPFO 3.0 के साथ पोर्टल को पूरी तरह नया बनाया जा रहा है। अभी की वेबसाइट पर OTP नहीं आता, लॉगिन में दिक्कत होती है और साइट स्लो चलती है। नया पोर्टल मोबाइल फ्रेंडली होगा और तेज काम करेगा। अब यूजर आसानी से देख पाएगा कि उसका क्लेम कहां अटका है और किस स्टेज पर है। हर स्टेप साफ-साफ दिखेगा। इससे भ्रम और तनाव दोनों कम होंगे। एक और बड़ा बदलाव यह है कि अभी PF के ब्याज की जानकारी साल के अंत में मिलती है। नए सिस्टम में ब्याज का अपडेट भी रियल टाइम दिखेगा। इससे यूजर को अपने पैसों की पूरी जानकारी रहेगी और किसी भी गलती को समय रहते सुधारा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- PF का पैसा अब BHIM ऐप में, इस नई सुविधा का फायदा कब मिलेगा
UPI से PF निकालने की सुविधा- EPFO 3.0 की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली सुविधा है UPI से PF निकालने का विकल्प। जैसे आज आप PhonePe, Google Pay या Paytm से बैंक से पैसे निकालते हैं, वैसे ही PF अकाउंट से भी पैसा निकाल सकेंगे। इसके लिए बस अपना UPI ID PF अकाउंट से लिंक करना होगा। इमरजेंसी के समय बैंक या EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कुछ ही क्लिक में पैसा सीधे आपके खाते में आ जाएगा। खासतौर पर छोटे क्लेम और एडवांस के लिए यह सुविधा बहुत काम की होगी। इससे प्रोसेस आसान, तेज और पूरी तरह डिजिटल बन जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक EPFO 3.0 पर काफी समय से काम चल रहा है। फिलहाल तकनीकी टेस्टिंग की जा रही है। सभी टेस्ट पूरे होने के बाद इसे जल्द ही पूरे देश में लागू किया जाएगा। कर्मचारियों के लिए क्या फायदा? EPFO 3.0 लागू होने के बाद कर्मचारियों को सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि PF से जुड़ा काम तेज, पारदर्शी और झंझट-रहित हो जाएगा। क्लेम जल्दी मिलेंगे, पोर्टल बेहतर होगा और UPI जैसी सुविधाओं से इमरजेंसी में तुरंत मदद मिलेगी।















