काली गाजर दिखने में भले ही सामान्य गाजर से अलग हो, लेकिन सेहत के लिए यह बहुत ही फायदेमंद मानी जाती है। भारत में खासकर सर्दियों के मौसम में काली गाजर आसानी से मिल जाती है। इसमें कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाते हैं। अगर आप रोजाना काली गाजर खाते हैं, तो इससे आपकी सेहत में कई अच्छे बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
पाचन तंत्र मजबूत- काली गाजर में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है। फाइबर पेट को साफ रखने में मदद करता है और कब्ज, गैस व अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। जो लोग रोज सुबह पेट साफ न होने की परेशानी से जूझते हैं, उनके लिए काली गाजर बहुत लाभकारी है।
खून की कमी दूर- काली गाजर खून की कमी यानी एनीमिया में भी फायदेमंद मानी जाती है। इसमें आयरन अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए काली गाजर का सेवन बहुत लाभकारी हो सकता है। इसे सलाद या जूस के रूप में लिया जा सकता है।
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद- इसमें मौजूद एंथोसाइनिन नामक तत्व एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है। यह शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाता है और कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करता है। रोजाना काली गाजर खाने से दिल की सेहत बेहतर रहती है और हार्ट से जुड़ी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।
यह भी पढ़ें- Bajra Khichdi Benefits: क्यों सर्दियों में बाजरे की खिचड़ी मानी जाती है संपूर्ण आहार?
इम्यूनिटी मजबूत- काली गाजर इम्यूनिटी बढ़ाने में भी मदद करती है। इसमें विटामिन C और अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। इससे सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल इंफेक्शन से लड़ने में शरीर को ताकत मिलती है।
वजन कम- जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए भी काली गाजर अच्छा विकल्प है। इसमें कैलोरी कम होती है और फाइबर ज्यादा, जिससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती। इससे ओवरईटिंग से बचाव होता है।
त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद- इसके अलावा काली गाजर त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद है। इसके एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को साफ और चमकदार बनाते हैं। नियमित सेवन से झुर्रियां कम होती हैं और बाल मजबूत व चमकदार बनते हैं।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)











