थाइलैंड में बड़ा रेल हादसा हादसा हुआ है, जिसमें अब तक 22 लोगों की मौत की खबर है। ये हादसा चीन के द्वारा चलाई जा रही बेल्ट एंड रोड इनीशियएटिव के तहत तैनात क्रेन के रेल पर गिरने के कारण हुआ है। हादसे का समय सुबह करीब 9:05 बजे का बताया जा रहा है। घटना थाईलैंड के नखोन रचसिमा प्रांत के सिखाओ जिले की है। यह जगह बैंकॉक से करीब 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। ट्रेन बैंकॉक से उबोन रचथनी प्रांत जा रही थी।
क्या हुआ ठीक-ठीक
एक निर्माण क्रेन, जो हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम कर रही थी, अचानक गिर गई और चलती ट्रेन के एक डिब्बे पर जा गिरी। इससे ट्रेन पटरी से उतर गई (डिरेल हो गई) और कुछ देर के लिए उसमें आग भी लग गई। क्रेन पुल या ब्रिज के हिस्से को उठा रही थी, लेकिन वो गिरकर ट्रेन से टकरा गई। स्थानीय पुलिस चीफ थाचापॉन चिन्नावान्ग ने बताया कि हादसे में 22 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए। कुछ रिपोर्ट्स में घायलों की संख्या 55 तक बताई गई है, और कई लोग गंभीर हालत में हैं। ट्रेन में करीब 195 पैसेंजर सवार थे। कई लोग डिब्बों में फंस गए थे।
बचाव कार्य चल रहा
आग को बुझा दिया गया है। रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर फंसे हुए लोगों को निकालने का काम शुरू किया। कटर और अन्य उपकरणों से डिब्बों को काटकर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे और लोकल प्रशासन की टीमें पूरे इलाके में काम कर रही हैं। अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी हैं ताकि कोई और फंसा न रह जाए।
चीन समर्थित हाई स्पीड रेल परियोजना के कारण हादसा
बताया जाता है कि यह क्रेन चीन समर्थित हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट का हिस्सा थी। यह प्रोजेक्ट करीब 5.4 बिलियन डॉलर का है और बैंकॉक को चीन के कुन्मिंग से जोड़ने के लिए बन रहा है (लाओस के रास्ते)। इसे 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य होना रखा गया है। ये परियोजना चीन की बेल्ट एंड रोड पहल का हिस्सा है। हादसा उस सेक्शन में हुआ जहां पुल या ब्रिज का काम चल रहा था।
अधिकारियों के बयान
पुलिस और प्रांतीय पब्लिक रिलेशंस डिपार्टमेंट ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि क्रेन गिरने से ट्रेन डिरेल हुई और आग लगी। ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर और रेलवे अधिकारियों ने भी मौके पर टीम भेजी। अभी तक हादसे का सटीक कारण नहीं बताया गया है, लेकिन जांच शुरू हो चुकी है कि क्रेन क्यों गिरी और सुरक्षा नियमों का पालन हुआ या नहीं।













