प्रयागराज, जिसे पहले इलाहाबाद के नाम से जाना जाता था, केवल संगम और धार्मिक आस्था का ही नहीं बल्कि अपनी समृद्ध खाद्य संस्कृति का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र है। गंगा, यमुना और सरस्वती के संगम पर बसा यह शहर हर साल माघ मेले में अपनी संस्कृति और स्वादिष्ट खाने को पूरे देश को दिखाता है। माघ मेला न सिर्फ साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का संगम है, बल्कि यह प्रयागराज के पारंपरिक शाकाहारी स्वादों का भी उत्सव होता है। माघ मेले के दौरान सुबह-सुबह संगम तट पर गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु सादा, सात्विक और स्वादिष्ट भोजन की तलाश में निकलते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं यहां के मशहूर सात्विक खाने के बारे में-
कचौड़ी-सब्जी
गरमागरम, कुरकुरी कचौड़ी और आलू की मसालेदार सब्जी ठंडे मौसम में शरीर और मन दोनों को तृप्त कर देती है। मेला क्षेत्र के आसपास अस्थायी दुकानों पर कचौड़ी के साथ हरी चटनी और कभी-कभी जलेबी भी मिलती है, जो स्वाद को दोगुना कर देती है।
जलेबी
जलेबी की खुशबू दूर से ही लोगों को अपनी ओर खींच लेती है। कड़ाही में छनती हुई गरम जलेबी और उस पर चाशनी की मिठास, ठंडी हवा और आध्यात्मिक वातावरण के साथ एक अलग ही अनुभव देती है। कई कल्पवासी सुबह के नाश्ते में जलेबी-दूध या जलेबी-दही खाना पसंद करते हैं। खासतौर पर दही-जलेबी, जो प्रयागराज की एक अनोखी पहचान है, माघ मेले में खूब पसंद की जाती है। ठंडे दही के साथ मीठी जलेबी का संतुलन स्वाद को बेहद खास बना देता है।
समोसा
समोसा भी हर उम्र के लोगों की पसंद बना रहता है। बड़े आकार के, मसालेदार भरावन वाले समोसे इमली और हरी चटनी के साथ ठंड में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। साधु-संत हों या दूर-दराज़ से आए श्रद्धालु, समोसा सभी को एक साथ जोड़ देता है।
इमरती
प्रयागराज की प्रसिद्ध मिठाई इमरती भी खास तौर पर बनाई जाती है। यह जलेबी से थोड़ी मोटी और अधिक नरम होती है, जिसे घी में तलकर चाशनी में डुबोया जाता है। पूजा-पाठ और दान-पुण्य के बाद इमरती का प्रसाद के रूप में सेवन करना शुभ माना जाता है।
यह भी पढ़ें- Bihar Famous Foods: बिहार के 9 प्रसिद्ध शाकाहारी व्यंजन
चाट
मेले में चाट का भी अलग ही रंग देखने को मिलता है। आलू टिक्की, पापड़ी चाट, दही बड़ा और गोलगप्पे मेला क्षेत्र के आसपास खूब बिकते हैं। लोकनाथ और संगम क्षेत्र की चाट की परंपरा माघ मेले में और भी निखरकर सामने आती है।
चुरमुरा
इसके अलावा, प्रयागराज का मसाला चुरमुरा माघ मेले की रौनक बढ़ाने वाला एक खास स्वाद है। भुने चावल, छोले, मूंगफली, प्याज़ और चाट मसाले से बना यह व्यंजन ठंड में हल्का, स्वादिष्ट और ऊर्जा देने वाला होता है। कल्पवास के दौरान यह लोगों का पसंदीदा स्नैक बन जाता है।












