आज के डिजिटल दौर में आधार कार्ड हमारी पहचान का सबसे अहम दस्तावेज बन चुका है। बैंक से लेकर सरकारी योजनाओं तक, हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आधार का गलत इस्तेमाल हो जाए, तो परेशानी बढ़ सकती है। इसी समस्या से बचाने के लिए UIDAI ने बायोमेट्रिक लॉक की सुविधा शुरू की है। जैसा कि नाम से ही साफ है, बायोमेट्रिक लॉक का मतलब है अपने आधार से जुड़े फिंगरप्रिंट और आंखों की पहचान (आईरिस) को लॉक करना। जब आप इसे लॉक कर देते हैं, तो कोई भी व्यक्ति आपके आधार नंबर का गलत इस्तेमाल नहीं कर सकता। चाहे उसके पास आपका आधार नंबर क्यों न हो, वह आपकी बायोमेट्रिक जानकारी का उपयोग नहीं कर पाएगा।
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो कई जगह आधार कार्ड की फोटो कॉपी या डिजिटल कॉपी शेयर करते हैं। बायोमेट्रिक लॉक होने के बाद बिना आपकी अनुमति के कोई भी आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कर सकता, जिससे धोखाधड़ी की संभावना काफी कम हो जाती है।
बायोमेट्रिक लॉक कैसे करें- बायोमेट्रिक लॉक करना बहुत आसान है। इसके लिए आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Lock/Unlock Biometrics” का विकल्प मिलेगा। इसके बाद आपको अपनी Virtual ID (VID), नाम, पिन कोड और कैप्चा भरना होता है। फिर “Send OTP” पर क्लिक करें। आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। उसे डालते ही आपका बायोमेट्रिक लॉक हो जाएगा। जब भी आपको आधार का इस्तेमाल करना हो, आप अस्थायी रूप से बायोमेट्रिक अनलॉक कर सकते हैं और काम पूरा होने के बाद फिर से लॉक कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- 31 दिसंबर 2025 से पहले नहीं किया PAN-Aadhaar लिंक? तो बंद हो जाएगा आपका पैन कार्ड
आधार अपडेट क्यों जरूरी है- UIDAI समय-समय पर लोगों को सलाह देता है कि वे अपने आधार की जानकारी अपडेट करते रहें। अगर आपने पिछले 10 सालों में आधार अपडेट नहीं किया है, तो आपको जरूर अपडेट करवाना चाहिए। इसके अलावा, अगर किसी दुर्घटना की वजह से आपकी उंगलियों के निशान बदल गए हैं या आंखों की पहचान में फर्क आया है, तो अपडेट जरूरी हो जाता है। वहीं, जिन बच्चों का आधार बनवाया गया था और जो अब 15 साल के हो चुके हैं, उनके लिए भी बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य है। आधार अपडेट रहने से न सिर्फ आपकी पहचान सही रहती है, बल्कि सरकारी योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य जरूरी कामों में भी कोई परेशानी नहीं होती।













