नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिडिल ईस्ट के देश जॉर्डन के दौरे पर हैं। यहां से उनकी एक खास तस्वीर सामने आई है जिसने सभी का ध्यान खींचा है। इस तस्वीर को कार डिप्लोमेसी भी कहा जा रहा है और यह सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जो शख्स हैं उनकी काफी चर्चा हो रही है। क्योंकि पीएम मोदी को कार में बैठाकर वो ही ले जा रहे हैं। यह शख्स कोई और नहीं बल्कि जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय हैं। वह खुद कार चलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जॉर्डन म्यूजियम तक लेकर गए। इसके बाद यह तस्वीर पूरे दुनियाभर में चर्चाओं में आ गई।
क्या खास है इस तस्वीर में?
युवराज अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय का स्वयं ड्राइव करना पीएम मोदी के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है। इसके साथ ही यह तस्वीर भारत-जॉर्डन रिश्तों की मजबूती और इस दौरे की अहमियत को भी रेखांकित करती है। खास बात यह है कि युवराज अल हुसैन बिन अब्दुल्ला द्वितीय पैगंबर मोहम्मद की 42वीं पीढ़ी के प्रत्यक्ष वंशज माने जाते हैं।

जॉर्डन पर किंग अब्दुल्ला द्वितीय और क्वीन रानिया का शासन है और उनका परिवार हाशमाइट राजवंश से जुड़ा है। हाशमाइट परिवार की जड़ें पैगंबर मोहम्मद तक जाती हैं जिस कारण इस राजवंश को पैगंबर का वंशज माना जाता है। युवराज अल हुसैन का जन्म 28 जून 1994 को हुआ था। वे किंग अब्दुल्ला द्वितीय और क्वीन रानिया की सबसे बड़ी संतान हैं और जॉर्डन के भविष्य के राजा माने जाते हैं।
शिक्षा और सैन्य करियर
युवराज अल हुसैन ने किंग्स अकैडमी से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2016 में अमेरिका की प्रतिष्ठित जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से अंतरराष्ट्रीय इतिहास में स्नातक की डिग्री हासिल की। वर्ष 2017 में उन्होंने रॉयल मिलिट्री अकैडमी सैंडहर्स्ट से प्रशिक्षण पूरा किया। वर्तमान में वे जॉर्डन सशस्त्र बलों में एक महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं।

सऊदी आर्किटेक्ट से की शादी
युवराज अल हुसैन ने वर्ष 2023 में जहरान पैलेस में सऊदी अरब की आर्किटेक्ट राजवा अल सैफ से विवाह किया था। यह शादी मिडिल ईस्ट में काफी चर्चा का विषय बनी थी। हुसैन की संपत्ति के बारे में भी मीडिया रिपोर्ट में खूब चर्चा हो रही है। जॉर्डन के क्राउन प्रिंस की अनुमानित कुल संपत्ति करीब 5 मिलियन डॉलर बताई जा रही है। जबकि जॉर्डन के शाही परिवार की कुल संपत्ति लगभग 34 बिलियन डॉलर आंकी जाती है। किंग अब्दुल्ला द्वितीय की व्यक्तिगत संपत्ति करीब 750 मिलियन डॉलर बताई जाती है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे में सोमवार को जॉर्डन पहुंचे। मंगलवार को पीएम मोदी ने यहां भारत–जॉर्डन बिजनेस फोरम को संबोधित किया। जहां दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने आपसी व्यापार और कनेक्टिविटी को बढ़ाने पर बात की। अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने अगले पांच सालों में जॉर्डन के साथ द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 5 अरब अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का प्रस्ताव रखा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और जॉर्डन के बीच एक सशक्त समकालीन साझेदारी है, जिसकी नींव दोनों देशों के घनिष्ठ और सभ्यताओं से चले आ रहे संबंधों पर टिकी है।













