नई दिल्ली/भोपाल: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के गौहरगंज क्षेत्र में 6 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी सलमान पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जिसके कारण लोगों में आक्रोश है। गौहरगंज में हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने व्यापक धरना-प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोपी सलमान को फांसी की सजा देने की मांग की है। वहीं, व्यापारियों ने विरोध में बाजार बंद रखे और कई स्थानों पर रैलियां निकाली गईं।
मस्जिद के सामने पथराव, पुलिस ने भीड़ को शांत किया
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब भीड़ ने पुलिस को ज्ञापन सौंपने के बाद गौहरगंज स्थित मस्जिद के मुख्य द्वार के सामने पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। वहीं, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इस जघन्य अपराध को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए रायसेन के कलेक्टर और एसपी को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 10 दिन के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
NHRC ने एम्बुलेंस देरी से पहुंचने पर जताई नाराजगी, अधिकारियों पर एक्शन की बात कही
NHRC ने घटना के बाद एम्बुलेंस पहुंचने में देरी पर नाराजगी जताई है और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने इस घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर एक्शन लेने को कहा है। साथ ही रिपोर्ट की कॉपी DGP भोपाल को भेजने के आदेश दिए हैं। NHRC ने इस मामले की स्वयं मॉनिटरिंग करने का निर्णय लिया है। वहीं, बच्ची का AIIMS भोपाल में सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया है और उसकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी सलमान पर 30,000 का इनाम, हिंदू संगठनों ने की फांसी की मांग
नर्मदापुरम रेंज के डीआईजी प्रशांत खरे ने आरोपी सलमान पर 30,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के 300 से अधिक जवान और 20 विशेष टीमें आसपास के जंगलों में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। डीआईजी का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद हिंदू समाज में आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन के सामने 9 सूत्रीय मांगें रखी हैं। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए हिंदू समाज ने आरोपी सलमान की फांसी की मांग की है। हिंदू संगठनों और समाज का कहना है कि आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश कर फांसी की सजा दी जाए। इसके साथ ही आरोपी को मदद करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
चॉकलेट देने के बहाने बुलाकर सलमान ने किया था बच्ची का रेप
यह घटना 21 नवंबर की है। आरोपी सलमान बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने जंगल ले गया और उसके साथ रेप किया। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले पर ऐक्शन लेते हुए रायसेन के एसपी पंकज पांडेय का ट्रांसफर कर दिया है। साथ ही आरोपी के फौरन गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं। जिले के नए एसपी की जिम्मेदारी भोपाल जोन -1 के डीसीपी आशुतोष को को दी गई है।















