सर्दी का मौसम शुरू होते ही जुकाम, खांसी, गले में खराश और थकान जैसी समस्याएं आसानी से पकड़ लेती हैं। मौसम बदलने पर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे ये समस्याएं और ज्यादा बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में लोग दवाइयों का सहारा तो लेते हैं, लेकिन घरेलू उपाय और हल्का, गर्म और पौष्टिक खाना बीमारी से जल्दी राहत दिलाता है। इन्हीं घरेलू उपायों में एक है- विंटर स्पेशल वेजिटेबल सूप, जिसमें ऐसी सब्जियां और मसाले शामिल होते हैं जो प्राकृतिक रूप से औषधीय गुणों से भरपूर हैं। ह सूप न केवल शरीर को गर्म रखता है, बल्कि नाक बंद होने, गले के दर्द और खांसी की तकलीफ को भी कम करता है। इसे बनाना बेहद आसान है और आप इसे 15–20 मिनट में तैयार कर सकते हैं।
सूप बनाने के लिए आवश्यक सामग्री- अदरक- छोटा टुकड़ा, हरा पत्तेदार प्याज (कटा हुआ)- 2 टेबलस्पून, मिक्स्ड हर्ब्स- ½ टीस्पून, चिली फ्लेक्स- ½ टीस्पून, काली मिर्च पाउडर- ½ टीस्पून, विनेगर- 1 टेबलस्पून, कॉर्न फ्लोर- 1 टीस्पून, तेल- 3 टीस्पून, गाजर (कटी हुई)- 1, बीन्स (कटी हुई)- 5–6, शिमला मिर्च (कटी हुई)- ½, पत्तागोभी (कटी हुई)- 2–3 टेबलस्पून, लहसुन- 3 कलियाँ (कटी हुई), मटर- 2 टेबलस्पून, स्वीट कॉर्न- 2 टेबलस्पून, नमक- स्वादानुसार।
इसे कैसे बनाएं- सबसे पहले सभी सब्जियों को बारीक काट लें। बारीक कटी सब्जियाँ जल्दी पकती हैं और सूप का स्वाद भी बेहतर बनता है। कढ़ाई में तेल गर्म करें। जब तेल हल्का गर्म हो जाए तो इसमें कटा हुआ लहसुन, अदरक और हरा प्याज डालें। इसे लगभग 1 मिनट तक भूनें, जब इनकी खुशबू आने लगे तो समझिए यह तैयार है। अब कटी हुई बीन्स, गाजर और शिमला मिर्च डालें। इन्हें 1 मिनट तक पकाएँ ताकि ये हल्की क्रंची और सुगंधित हो जाएं। इसके बाद पत्तागोभी, मटर और स्वीट कॉर्न डालें। इन्हें भी धीमी आंच पर हल्का सा भून लें। अब 4 कप पानी डालें और स्वादानुसार नमक मिलाएँ। कढ़ाई को ढककर इसे धीमी आंच पर पकाएँ। 7–8 मिनट में सब्जियाँ नरम हो जाएँगी और सूप का फ्लेवर बढ़ जाएगा। एक छोटे बाउल में 1 टीस्पून कॉर्न फ्लोर लें और उसमें एक चौथाई कप पानी डालकर घोल तैयार करें। इस मिश्रण को सूप में डालें और 3-4 मिनट तक उबालें। इससे सूप हल्का गाढ़ा और रेस्तरां जैसा बन जाएगा। अब सूप में विनेगर, मिक्स्ड हर्ब्स, चिली फ्लेक्स और काली मिर्च पाउडर मिलाएँ। एक मिनट तक पकाएँ और गैस बंद कर दें।
यह सूप क्यों है फायदेमंद- अदरक और लहसुन वायरल इंफेक्शन को कम करते हैं और गले की सूजन मिटाते हैं। गर्म सब्जी का सूप शरीर को अंदर से गर्म रखता है, जिससे खांसी-जुकाम में आराम मिलता है। काली मिर्च बलगम को ढीला करती है और नाक बंद होने में राहत देती है। सब्जियों के विटामिन और मिनरल्स शरीर को तेजी से रिकवर करने में मदद करते हैं।











