बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक व्यक्ति को मामूली विवाद में दो टैक्सी चालकों पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान सोहेल अहमद के रूप में हुई है। सीआईएसएफ ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तत्परता दिखाते हुए हमलावर को रविवार (16 नवंबर) देर रात काबू में किया और उसे पुलिस को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसने पहले हुए किसी विवाद का बदला लेने के लिए ऐसा किया। सोहेल अहमद के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सीआईएसएफ ने अपने आधिकारिक अकाउंट एक्स पर घटना का वीडियो साझा किया है। वीडियो में सोहेल टर्मिनल 1 के आगमन लेन के पास टैक्सी चालकों की ओर एक लंबा चाकू लेकर तेजी से दौड़ते हुए दिखाई दे रहा है। इससे पहले कि वह उन तक पहुंच पाता, ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों ने स्थिति को भांप लिया और तुरंत हस्तक्षेप किया, जिससे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
बेंगलुरु हवाई अड्डे पर एक बड़ा अपराध टल गया
एक्स पर साझा की गई पोस्ट में सीआईएसएफ ने कहा कि समय पर हस्तक्षेप से बेंगलुरु हवाई अड्डे पर एक बड़ा अपराध टल गया। 16 नवंबर की आधी रात को एक व्यक्ति ने लंबे चाकू से बेंगलुरु हवाई अड्डे के टर्मिनल 1 आगमन क्षेत्र में दो टैक्सी चालकों पर हमला कर दिया। सहायक उपनिरीक्षक/कार्यकारी सुनील कुमार और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर को काबू कर लिया और उससे चाकू छीन लिया, जिससे यात्रियों व कर्मचारियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
उन्होंने (CISF) अपनी बात को जारी रखते हुए यह भी कहा कि आरोपी और सभी संबंधित लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केआईए पुलिस को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह कृत्य पहले हुए किसी विवाद का बदला लेने के लिए किया गया था। सीआईएसएफ यात्रियों, हवाई अड्डे के कर्मचारियों और महत्वपूर्ण विमानन बुनियादी ढांचे की सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।
जवाबी कार्रवाई में किया हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहेल अहमद ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उस रात पहले जगदीश और दो अन्य लोगों ने उस पर हमला किया था। जवाबी कार्रवाई में वह चाकू लेकर वापस आया और उन पर हमला कर दिया। वहीं सोशल मीडिया पर भी बेंगलुरु एयरपोर्ट पर बड़ा अपराध टालने को लेकर सीआईएसएफ जवानों की सभी तारीफ कर रहे हैं।
















