सर्दियों का मौसम आते ही बाजारों में भुनी हुई शकरकंदी की खुशबू फैलने लगती है। गर्म-गर्म, हल्की मीठी और भरपूर पौष्टिकता से भरपूर शकरकंदी न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि यह सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं। यह सस्ती, आसानी से मिल जाने वाली और पेट भरने वाली चीज है, जिसे बच्चे से लेकर बूढ़े तक हर कोई पसंद करता है। आइए जानें कि सर्दियों में भुनी हुई शकरकंदी खाने से शरीर को क्या-क्या फायदे मिलते हैं।
शरीर को देती है भरपूर गर्माहट और वजन बढ़ने से रोकती है- सर्दियों में शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्मी की जरूरत होती है। शकरकंदी में अच्छी मात्रा में कार्बोहाइड्रेट होता है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है और ठंड से बचाने में मदद करता है। इसका सेवन करने से शरीर अंदर से गर्म महसूस करता है, इसलिए इसे खासकर दिसंबर–जनवरी में जरूर खाना चाहिए। भुनी हुई शकरकंदी खाने से पेट जल्दी भर जाता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती। इसमें फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो पाचन को सुधारता है और वजन को नियंत्रित रखने में मदद करता है। कई लोग सोचते हैं कि शकरकंदी मीठी होती है, इसलिए मोटापा बढ़ाती है, लेकिन ऐसा नहीं है। सीमित मात्रा में खाने से यह वजन बढ़ाती नहीं, बल्कि वजन घटाने वालों के लिए भी फायदेमंद रहती है।
पाचन को बनाती है मजबूत और इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार- सर्दियों में अक्सर पाचन तंत्र कमजोर पड़ जाता है। भुनी हुई शकरकंदी में मौजूद फाइबर कब्ज और गैस की समस्या को काफी हद तक कम कर देता है। यह आंतों को साफ रखती है और पाचन को आसान बनाती है। जिन्हें पुरानी कब्ज रहती है, उन्हें सप्ताह में 3-4 बार शकरकंदी जरूर खानी चाहिए। सर्दियों में सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल इंफेक्शन जल्दी होते हैं। शकरकंदी में विटामिन C, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। इससे बीमारियां जल्दी नहीं लगतीं और शरीर हेल्दी रहता है।
यह भी पढ़ें- सर्दियों में सुबह खाली पेट आंवला मुरब्बा खाने के 7 जबरदस्त फायदे
त्वचा को चमकदार बनाती है और दिल और डायबिटीज रोगियों के लिए भी फायदेमंद- ठंड के मौसम में त्वचा अक्सर रूखी, बेजान और फटी हुई लगने लगती है। शकरकंदी में विटामिन A और C प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो त्वचा को भीतर से पोषण देते हैं। यह त्वचा की नमी बनाए रखता है और चमक बढ़ाता है। नियमित सेवन से त्वचा प्राकृतिक रूप से ग्लो करने लगती है। शकरकंदी में पोटैशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करता है और दिल की सेहत को बेहतर बनाता है। इसके अलावा, इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। डायबिटीज के मरीज इसे सीमित मात्रा में खा सकते हैं, वो भी उबली या भुनी हुई अवस्था में।
आंखों की रोशनी को बढ़ाती है- शकरकंदी में बीटा-कैरोटीन और विटामिन A की मात्रा ज्यादा होती है, जो आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को खासतौर पर इसका सेवन करना चाहिए।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)












