महाराष्ट्र के सांगली में दलित महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम मोहिते की उनके जन्मदिन पर हत्या कर दी गई। हमलावर की पहचान शाहरुख रफीक शेख उर्फ शेरिया के रूप में हुई है। घटनास्थल पर गुस्साई भीड़ ने हमलावर को भी बुरी तरह पीटा जिससे उसकी मौत हो गई। इस हिंसक घटना के बाद आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया है। मोहिते की पत्नी की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि हमले से पहले मोहिते का आरोपी गणेश मोरे से झगड़ा हुआ था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र के सांगली जिले में दलित महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उत्तम मोहिते (38) बुधवार (12 नवंबर) को गारपीर दरगाह चौक इलाके के पास अपने घर में साथियों के साथ जन्मदिन का जश्न मना रहे थे। तभी चाकुओं, लोहे की छड़ों और लाठियों से लैस कुछ लोगों ने मोहिते को गालियां देना शुरू कर दिया। जान का खतरा भांपते हुए वह अपने घर के अंदर भाग गए, लेकिन हमलावरों ने घर में घुसकर मोहिते के पेट और सीने में कई बार चाकू से वार किया। उन्होंने उत्तम के सिर व हाथों पर लोहे की छड़ों और डंडों से भी वार किया। इनमें से एक आरोपी शाहरुख शेख को वहां मौजूद भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। अन्य फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मोहिते को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी घटना का विस्तृत विवरण दर्ज करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
8 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले से पहले मोहिते का आरोपी गणेश मोरे से झगड़ा हुआ था। मोरे ने मोहिते को धमकी दी थी कि वह उसे नहीं छोड़ेगा। पुलिस ने मोहिते की पत्नी ज्योति की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर इलाके के निवासी गणेश मोरे, सतीश लोखंडे, शाहरुख शेख (मृतक), बन्या उर्फ यश लोंढे, अजय घाडगे, जितेंद्र लोंढे, योगेश शिंदे और समीर ढोले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
समर्थकों में शोक की लहर
उत्तम मोहिते सांगली में दलित महासंघ के एक सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। सामाजिक कार्यों में उनकी काफी रुचि थी। उनकी मृत्यु की खबर सुनते ही स्थानीय लोगों सहित उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, शहर में तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और हमले की पूरी सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फिलहाल, सांगली पुलिस दोनों मौतों की जांच दोहरे हत्याकांड के रूप में कर रही है और स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

















