बिहार के गया जिले के टिकारी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार की शाम बड़ी अफरा-तफरी मच गई। यहां एनडीए प्रत्याशी और ‘हम’ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पर दिघौरा गांव में हमला हो गया। डॉ. कुमार अपने जनसंपर्क अभियान के तहत मलसारी गांव जा रहे थे। रास्ते में जैसे ही उनका काफिला दिघौरा गांव से गुजरा, तभी करीब 10-15 युवकों ने अचानक रास्ता रोक लिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
देखते ही देखते फायरिंग भी होने लगी और माहौल बेकाबू हो गया। इस हमले में डॉ. अनिल कुमार और उनके छोटे भाई मुन्ना कुमार घायल हो गए। हमलावरों ने गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए, कई समर्थकों के मोबाइल फोन और चेन भी लूट लिए। जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी गोली चला दी। इसके बाद अंगरक्षकों ने 6-7 राउंड हवाई फायरिंग की, तब जाकर किसी तरह डॉ. कुमार को सुरक्षित निकाला गया। इस घटना में भाजपा नेता प्रमोद चंद्रवंशी और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक डॉ. श्याम किशोर समेत कई लोग घायल हुए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि माहौल शांत रहे। घायल अवस्था में डॉ. अनिल कुमार ने मीडिया से कहा- “यह हमला एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। मुझे डराने की कोशिश की गई, लेकिन मैं जनता की सेवा से पीछे नहीं हटूंगा।” उन्होंने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा जताया कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

















