नई दिल्ली: यूनाइटेड हिंदू फ्रंट ने ब्रिटेन में भारतीय मूल की सिख छात्रा के साथ बलात्कार की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट के अंतर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राष्ट्रवादी शिवसेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जय भगवान गोयल ने कहा कि यह घटना न केवल मानवता को शर्मसार करती है बल्कि विदेशों में रह रहे भारतीय मूल के नागरिकों, विशेषकर छात्रों की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न उठाती है।
गोयल ने कहा कि ब्रिटेन सरकार को इस अमानवीय कृत्य के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोरतम दंड देना चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी नीच हरकत करने का साहस न करे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार को भी इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए ब्रिटिश सरकार से औपचारिक विरोध दर्ज कराना चाहिए।
जय भगवान गोयल ने कहा, “यह घटना केवल एक बेटी के साथ हुई दरिंदगी नहीं है, बल्कि विदेशों में बसे भारतीय समुदाय की असुरक्षा की दर्दनाक झलक है। ब्रिटेन जैसे विकसित देश में भी यदि भारतीय मूल की बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं तो यह अत्यंत चिंता का विषय है। अब समय आ गया है कि ब्रिटिश सरकार अपने समाज में व्याप्त गोरे-काले के भेदभाव को पूरी तरह समाप्त करे और सभी नागरिकों को समान सुरक्षा व सम्मान का अधिकार सुनिश्चित करे। हम मांग करते हैं कि भारत सरकार तुरंत ब्रिटिश सरकार से इस मुद्दे पर उच्च स्तर पर वार्ता करे और दोषियों को शीघ्रतम सजा दिलाने हेतु दबाव बनाए।”
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास विदेशों में पढ़ने या काम करने वाले भारतीय मूल के नागरिकों की सुरक्षा हेतु एक स्थायी तंत्र बनाए। विशेष रूप से छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएँ। यूनाइटेड हिन्दू फ्रंट ने इस घृणित अपराध की कड़ी निंदा करते हुए पीड़िता और उसके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा पूरे देश से इस घटना के विरोध में एकजुटता दिखाने की अपील की है।












