केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सहायता देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) चला रही है। इस योजना के तहत देश के छोटे और सीमांत किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। यह रकम सीधे किसानों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती है।
इस 6,000 रुपये की राशि को तीन किस्तों में बांटा गया है, यानी हर चार महीने के अंतराल पर 2,000 रुपये किसानों के खाते में आते हैं। अब तक 20 किस्तें किसानों को मिल चुकी हैं और किसान 21वीं किस्त का इंतज़ार कर रहे हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने 21वीं किस्त जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के किसानों को 21वीं किस्त का लाभ मिल चुका है। बाकी राज्यों के किसानों को अभी इंतज़ार करना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्होंने सरकार द्वारा बताई गई सभी जरूरी प्रक्रियाएँ पूरी कर ली हों, वरना उनकी किस्त रुक सकती है।
किसानों को ध्यान में रखने योग्य महत्वपूर्ण बातें- पीएम किसान योजना का लाभ पाने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होती है। यदि कोई किसान यह प्रक्रिया पूरी नहीं करता है, तो उसकी किस्त रोक दी जाती है। ई-केवाईसी करवाने के लिए किसान PM-KISAN की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर ओटीपी के माध्यम से यह प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकते हैं। यदि किसी किसान की जमीन का रिकॉर्ड (भूलेख) अभी तक सत्यापित नहीं हुआ है, तो उसकी अगली किस्त अटक सकती है। इसके लिए किसान को अपने जिले के कृषि कार्यालय में जाकर भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन करवाना चाहिए। आवेदन फॉर्म भरते समय यदि किसान से नाम, आधार नंबर, बैंक खाता संख्या या अन्य किसी जानकारी में गलती हो जाती है, तो किस्त ट्रांसफर नहीं होती। किसान को चाहिए कि आवेदन भरने के बाद सभी विवरणों की अच्छी तरह जांच कर लें। यदि किसान का बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं है, तो भी किस्त आने में समस्या हो सकती है। इसके लिए किसान को अपने बैंक में जाकर आधार लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। अगर किसी किसान ने गलत बैंक खाता नंबर भर दिया है, तो राशि खाते में नहीं पहुँच पाएगी। ऐसे में किसान को अपना बैंक डिटेल सही करवाना आवश्यक है।
अपनी किस्त की स्थिति ऐसे जांचें- यदि आप यह देखना चाहते हैं कि आपकी किस्त आई है या नहीं, तो आप PM-KISAN की वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर “Beneficiary Status” या “Beneficiary List” विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपनी आधार संख्या, मोबाइल नंबर या बैंक खाता नंबर दर्ज करें। अब स्क्रीन पर आपको पता चल जाएगा कि आपकी किस्त का स्टेटस क्या है यानी किस्त जारी हुई है या नहीं। किस्त रुकने के कारण- ई-केवाईसी पूरी न करना, गलत आधार या बैंक खाता जानकारी, बैंक खाते से आधार लिंक न होना, जमीन रिकॉर्ड का सत्यापन अधूरा होना, आवेदन फॉर्म में गलती, अगर इनमें से कोई भी गलती होती है, तो किसान योजना के लाभ से वंचित रह सकता है। इसलिए सभी दस्तावेज और जानकारियां सही होना बहुत जरूरी है। यदि किसान को किसी प्रकार की समस्या हो या योजना से संबंधित जानकारी चाहिए, तो वे नीचे दिए गए माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं- ईमेल: pmkisan-ict@gov.in, हेल्पलाइन नंबर: 155261, टोल फ्री नंबर: 1800-115-526, अन्य नंबर: 011-23381092।इन माध्यमों पर संपर्क कर किसान अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं।

















