करी पत्ता भारतीय रसोई में स्वाद और सुगंध बढ़ाने के लिए आमतौर पर इस्तेमाल किया जाता है लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि यह सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी किसी औषधि से कम नहीं है। अगर आप रोज सुबह खाली पेट 8-10 करी पत्ते चबाने की आदत डाल लें, तो यह आपके शरीर को अंदर से शुद्ध करता है और कई बीमारियों से बचाव में मदद करता है। आयुर्वेद में भी करी पत्ते को एक शक्तिशाली औषधीय पौधा माना गया है। आइए जानते हैं इसके फायदे-
वजन घटाने में मददगार और डायबिटीज नियंत्रित- करी पत्ते में मौजूद अल्कलॉइड्स शरीर की अतिरिक्त चर्बी को कम करने में मदद करते हैं। सुबह खाली पेट 8-10 करी पत्ते चबाने से शरीर का मेटाबॉलिज्म तेज होता है, जिससे फैट जल्दी बर्न होता है। यह लिवर को भी डिटॉक्स करता है और फैट मेटाबॉलिज्म को नियंत्रित रखता है। अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो करी पत्ते को अपनी मॉर्निंग रूटीन में जरूर शामिल करें। करी पत्ते का सेवन ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में सहायक है। इसमें मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट इंसुलिन की क्रिया को बेहतर करते हैं, जिससे ब्लड शुगर अचानक बढ़ता या घटता नहीं है। सुबह खाली पेट इसे खाने से शरीर में शुगर का स्तर संतुलित रहता है, जो खासकर टाइप-2 डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है।
पाचन शक्ति मजबूत और बालों के झड़ने और सफेद होने से बचाव- करी पत्ते का सेवन पाचन तंत्र के लिए बेहद लाभदायक है। यह कब्ज, गैस, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। इसके एंटी-बैक्टीरियल गुण आंतों में जमा हानिकारक जीवाणुओं को खत्म करते हैं। अगर आप रोज सुबह इसे चबाते हैं, तो आपका पाचन तंत्र मजबूत बना रहेगा और खाना सही तरह से पच पाएगा। करी पत्ते को बालों के लिए एक प्राकृतिक टॉनिक कहा जाता है। इसमें बीटा-कैरोटीन और प्रोटीन होते हैं जो बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और समय से पहले सफेद होने से रोकते हैं। नियमित सेवन से स्कैल्प में रक्त संचार बढ़ता है, जिससे बालों की ग्रोथ तेज होती है। यह डैंड्रफ की समस्या को भी कम करता है।
यह भी पढ़ें- अगर आप 15 दिनों तक लगातार चुकंदर का जूस पीते हैं तो क्या होता है?
त्वचा के लिए फायदेमंद और आंखों की रोशनी बढ़ाता है- करी पत्ते के एंटीऑक्सीडेंट गुण त्वचा से टॉक्सिन्स निकालते हैं और उसे साफ व चमकदार बनाते हैं। यह पिंपल्स, एक्ने और स्किन इंफेक्शन से भी बचाव करता है। सुबह खाली पेट करी पत्ते खाने से शरीर अंदर से शुद्ध होता है, जिसका असर बाहर त्वचा पर नजर आता है। करी पत्ते में विटामिन A की भरपूर मात्रा होती है, जो आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करता है। यह रेटिना को मजबूत बनाता है और नाइट ब्लाइंडनेस जैसी समस्याओं से बचाव करता है। रोज सुबह इसका सेवन करने से आंखों की थकान और सूखापन भी दूर रहता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत- करी पत्ते में विटामिन C, आयरन, कैल्शियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। यह शरीर को संक्रमणों और वायरल बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। नियमित सेवन से सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसी आम बीमारियाँ जल्दी नहीं होतीं।
कैसे करें सेवन- सुबह खाली पेट 8-10 ताजे करी पत्ते तोड़कर हल्के पानी से धो लें और धीरे-धीरे चबाएं। इसके बाद आधा गिलास गुनगुना पानी पी लें। अगर आपको इसका स्वाद कड़वा लगे, तो आप इसे पीसकर थोड़ा नींबू रस और शहद मिलाकर भी ले सकते हैं।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)














