नई दिल्ली (हि.स.) । भारत ने कनाडा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के साथ पिछले महीने हुई मुलाकात की शुक्रवार को पुष्टि की। साथ ही कहा कि दोनों देशों के एनएसए ने इस दौरान आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध से निपटने पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय का बयान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में इससे जुड़े प्रश्नों का उत्तर दिया। जायसवाल ने कहा कि यह सार्वजनिक है कि 18 सितंबर को नई दिल्ली में कनाडा की एनएसए नथाली ड्रोन ने एनएसए अजीत डोभाल से मुलाकात की थी।
चर्चा के मुख्य बिंदु
इस बैठक में आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध से निपटने तथा खुफिया जानकारी के आदान-प्रदान जैसे द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रवक्ता ने बताया कि दोनों देशों के एनएसए सुरक्षा सहयोग और मौजूदा संपर्क तंत्र को और मजबूत करने पर सहमत हुए हैं। दोनों पक्ष इन सभी मुद्दों पर लगातार संपर्क में हैं।
कनाडा ने बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित किया
उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के एनएसए की मुलाकात के बाद कनाडा ने हाल ही में गैंगस्टर बिश्नोई गिरोह को आतंकवादी संगठन घोषित किया। इससे अब कनाडा में इस गिरोह की कोई भी संपत्ति जब्त की जा सकेगी। आरोप है कि बिश्नोई गिरोह ने आतंक, हिंसा और धमकी के जरिए लोगों को निशाना बनाया।












