मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स से किए गए आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर एफआईआर दर्ज की है। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट अनिकेत निकम ने यह शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कांग्रेस पर दंगे भड़काने की कोशिश और सार्वजनिक शांति भंग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मंगलवार (30 सितंबर) को इसकी जानकारी दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट अनिकेत निकम की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 192, 353(1) और 353(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। ये धाराएं लोगों को उसकाने, दंगे भड़काने और सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित हैं। शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से साझा किए गए पोस्ट में विभिन्न विरोध प्रदर्शन और भाजपा कार्यालय में आग लगाने जैसी घटनाओं की तस्वीरें दिखाई गई हैं, जिससे हिंसा और अशांति को बढ़ावा मिल सकता है।
क्या था विवादित पोस्ट?
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर स्थानीय भाषा मराठी में रविवार (28 सिंतबर) को एक पोस्ट किया था। पोस्ट में लिखा गया था, “भाजपा को लोगों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए, वरना लेह में जैसे Gen Z ने भाजपा कार्यालय में आग लगा दी थी, वैसे हालात पूरे देश में पैदा हो जाएंगे।” यह विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
भाजपने जनतेचा अंत पाहू नये. नाहीतर, लेह मधील Gen z ने भाजप कार्यालय पेटवले तसे अख्खा देशात परिस्थिती निर्माण होईल.
.
.@INCIndia @RahulGandhi @INCHarshsapkal @BJP4India @BJPMAHARASHTRA1 #BJP4IND #genz #LadakhProtest #uttarakhandpaperleakprotest #biharvoteradhikaryatra pic.twitter.com/90679rX6Q3— Maharashtra Congress (@INCMaharashtra) September 28, 2025
कांग्रेस की धमकी निंदनीय
अनिकेत निकम ने कांग्रेस की धमकी की निंदा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस की यह पोस्ट सार्वजनिक व्यवस्था और सामाजिक सद्भाव के लिए एक गंभीर खतरा है। 24 सितंबर को लेह में हुए दंगों में भाजपा का एक कार्यालय जला दिया गया था, जिसमें चार लोग मारे गए थे। उसी घटना का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महाराष्ट्र कांग्रेस देश भर में हिंसा की धमकी और उसे बढ़ावा दे रहे हैं, जो बेहद निंदनीय है।”
निकम ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार राज्य में शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी और महाराष्ट्र की जनता ऐसे किसी भी प्रयास को निश्चित रूप से नाकाम करेगी। वहीं बीजेपी नेता प्रकाश गाडे ने कहा कि यह पोस्ट लोगों में भ्रम पैदा करने और समाज में तनाव फैलाने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास था, जो कानूनन अपराध है।

















