धार्मिक नगरी काशी में ‘आई लव मोहम्मद’ के नाम का पोस्टर लेकर बिना अनुमति जुलूस निकालने का मामला सुर्खियों में है। लगातार विभिन्न इलाकों में पुलिस द्वारा कार्रवाई भी की जा रही है। सिगरा पुलिस ने अराजकता फैलाने के आरोप में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
आठ अभियुक्तों की गिरफ्तारी
गिरफ्तार आठ आरोपियों में लल्लापुरा निवासी सरफराज अहमद, वसीम, इश्तियाक शाहबुद्दीन अंसारी, साहिल जमाल, स्वालेह अंसारी, मोहम्मद इमरान और एक बाल अपचारी शामिल हैं।
22 सितंबर को बिना अनुमति जुलूस
इसी महीने 22 सितंबर को लल्लापुरा इलाके में 15 से020 अज्ञात व्यक्तियों ने ‘आई लव मोहम्मद’ का पोस्टर और बैनर लेकर डीजे के साथ बिना अनुमति जुलूस निकाला था। इससे आवागमन बाधित हुआ और आम जनमानस को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस का कहना है कि अभियुक्तों के द्वारा माहौल खराब करने के इरादे से यह जुलूस निकाला गया।
वीडियो फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज
वीडियो फुटेज के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद आठ आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही वाराणसी के कई इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखा जा रही है। कई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दिया है।











