बीजापुर (हि.स.) । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में बुधवार दोपहर 3 बजे हुई मुठभेड़ में दो इनामी नक्सली मारे गए। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने गुरुवार को बताया कि मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त पांच लाख के इनामी रघु हपका और दो लाख के इनामी सुक्कु हेमला के रूप में हुई है।
मारे गए नक्सलियों की पहचान और पदनाम
रघु हपका (33 वर्ष), निवासी पेद्दाकोरमा थाना बीजापुर, गंगालूर एरिया मिलिट्री कमांड का सदस्य (पदनाम-एसीएम) था। वहीं सुक्कु हेमला (32 वर्ष), निवासी बोड़ला पुसनार थाना बीजापुर, पेद्दाकोरमा आरपीसी मिलिशिया प्लाटून का डिप्टी कमांडर और पार्टी सदस्य था।
बरामद हथियार और नक्सल सामग्री
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 303 रायफल, एक बीजीएल लांचर, विस्फोटक सामग्री, बैटरी, कार्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, पिटठू, नक्सली वर्दी, दवाइयां और अन्य नक्सल सामग्री बरामद की।
सर्च ऑपरेशन और मुठभेड़ की जानकारी
डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा 202 व 205 की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस अभियान के दौरान कुल सात लाख रुपये के इनामी दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
ग्रामीणों की हत्या के मामलों में संलिप्तता
मुठभेड़ में मारे गए दोनों नक्सली 17 जून 2025 को ग्राम पेद्दाकोरमा में एक छात्र सहित तीन ग्रामीणों की हत्या, 29 अगस्त 2025 को ग्राम मनकेली में एक ग्रामीण की हत्या और 30 अगस्त 2025 को थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत तोड़का निवासी शिक्षादूत कल्लू ताती की हत्या में शामिल थे।
आईजी बस्तर की अपील: हिंसा छोड़ें नक्सली
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नक्सली कैडरों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग त्यागें, निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बंद करें और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा से जुड़ें।

















