नई दिल्ली (हि.स.) । चुनाव आयोग ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को गलत और बेबुनियाद करार दिया। आयोग ने कहा कि बिना सुनवाई और ऑनलाइन माध्यम से किसी का भी नाम मतदाता सूची से हटाना संभव नहीं है।
राहुल गांधी का आरोप और चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता में आरोप लगाया था कि कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र से 6 हजार से अधिक वोट हटाए गए हैं। चुनाव आयोग ने इस आरोप को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि कोई भी आम नागरिक ऑनलाइन किसी का वोट नहीं हटा सकता।
2023 की घटना और आयोग की एफआईआर
आयोग ने स्पष्ट किया कि 2023 में आलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया गया था। इस मामले में स्वयं चुनाव आयोग ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कराई थी।
आलंद विधानसभा क्षेत्र का चुनावी इतिहास
आयोग ने बताया कि 2023 के चुनाव में आलंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता बीआर पाटिल ने जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2018 में यहां भाजपा के सुभाध गुट्टेदार विजयी रहे थे।
















