प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को उत्तराखंड के चारों धामों और प्रमुख तीर्थ स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। तीर्थ पुरोहितों ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ्य और दीर्घायु के लिए देवों से प्रार्थना की।
बद्रीनाथ धाम में हुआ हवन
बद्रीनाथ धाम में बीकेटीसी पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर हवन का आयोजन किया गया। तीर्थ पुरोहितों ने भगवान बद्री विशाल से प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन की कामना की।
केदारनाथ में महारुद्राभिषेक
केदारनाथ धाम में तीर्थ पुरोहितों ने महारुद्राभिषेक का आयोजन किया। यहां बाबा केदार से प्रधानमंत्री मोदी की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी पूजा
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी तीर्थ पुरोहितों ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विशेष पूजा-अर्चना सम्पन्न की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और तीर्थ यात्री मौजूद रहे।
मोदी के प्रयासों से चारधामों में विकास
तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत प्रयासों से उत्तराखंड के चारों धामों में पुनर्निर्माण और विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री कई बार बद्रीनाथ और केदारनाथ का दौरा कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में भारत का सम्मान विदेशों तक बढ़ा है और देश अब विश्व को नेतृत्व प्रदान करने की स्थिति में आ गया है।
अन्य तीर्थ स्थलों में स्वतःस्फूर्त पूजा
प्रदेश के अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों पर भी स्वतःस्फूर्त तरीके से विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामना की और देश की प्रगति के लिए प्रार्थना की।
“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है, इसी तरह उत्तराखंड के जनमानस के मन में भी प्रधानमंत्री जी के लिए विशेष जगह है। आज उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रदेश में कई जगह लोगों ने स्वतः स्फूर्त तरीके से प्रधानमंत्री जी के लिए मंगल कामना करते हुए हवन एवं पूजा अर्चना की।
मैं पुनः प्रदेशवासियों की तरफ से माननीय प्रधानमंत्री जी को जन्मदिन की बधाई प्रेषित करता हूं, भगवान बद्री विशाल उन्हें दीर्घायु रखें”
: पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री उत्तराखंड














