प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 75वें जन्मदिन के अवसर पर मध्य प्रदेश के धार जिले के दौरे पर हैं। उन्होंने वहां कई विकास योजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने देश की सुरक्षा, महिलाओं की सुरक्षा, विकास योजनाएं और देश की एकता पर विस्तार से बात की।
आतंकवाद पर सख्त संदेश- पीएम मोदी ने अपने भाषण में पाकिस्तान से आए आतंकवादियों द्वारा भारत में किए गए हमलों का जिक्र किया। उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का नाम लेते हुए बताया कि कुछ समय पहले आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों की इज्जतको चोट पहुँचाने की कोशिश की थी। भारत ने इसका करारा जवाब दिया और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि “हमारे वीर सैनिकों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।” उन्होंने यह भी कहा कि “अब भारत किसी से डरता नहीं, ये नया भारत है, जो दुश्मन को घर में घुसकर मारता है।”
हाल ही की घटना का जिक्र- पीएम मोदी ने हाल ही में पकड़े गए एक पाकिस्तानी आतंकी का जिक्र करते हुए कहा कि वह आतंकी रो-रो कर अपनी हालत बयान कर रहा था। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अब भारत कमजोर नहीं रहा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने धार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की तारीफ की। पीएम मोदी ने बताया कि 17 सितंबर को ही सरदार वल्लभभाई पटेल की फौलादी इच्छाशक्ति के कारण हैदराबाद को भारत में मिलाया गया था। उस समय भारतीय सेना ने वहां के लोगों को अत्याचारों से मुक्त कराया था। अब इस दिन को “हैदराबाद मुक्ति दिवस” के रूप में मनाया जा रहा है।
विकसित भारत के 4 मजबूत स्तंभ- नारी शक्ति, युवा शक्ति, गरीब वर्ग, किसान वर्ग। उन्होंने कहा कि सरकार इन चारों वर्गों को सशक्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत- पीएम मोदी ने धार से एक नई योजना की शुरुआत की – “स्वास्थ्य नारी, सशक्त परिवार” अभियान। इस योजना के तहत पूरे देश में स्वास्थ्य जांच के कैंप लगाए जाएंगे। इनमें महिलाओं की मुफ्त जांच और दवाइयां दी जाएंगी। यह अभियान 2 अक्टूबर (विजयदशमी) के दिन से शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वस्थ बनाकर पूरे परिवार को सशक्त बनाना है। पीएम मोदी ने कहा कि यह कार्यक्रम भले ही धार में हो रहा है लेकिन इसका लाभ पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और धार की जनता का योगदान देश के विकास में बहुत बड़ा है और यह क्षेत्र प्रेरणा का स्रोत है।

















