अब लोग मोबाइल फोन से कुछ ही सेकंड में पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं। खासकर UPI (यूपीआई) ने इस बदलाव में बड़ी भूमिका निभाई है। आजकल शहर हो या गांव, हर जगह लोग यूपीआई के जरिए पेमेंट कर रहे हैं लेकिन कई बार गलती से गलत नंबर या यूपीआई आईडी पर पैसा ट्रांसफर हो जाता है, ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है। अगर आपने भी किसी गलत अकाउंट में पैसे भेज दिए हैं, तो तुरंत नीचे दिए गए कदम उठाएं-
गलत UPI ट्रांजैक्शन कैसे होता है- गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन कई कारणों से हो सकता है- UPI ID या मोबाइल नंबर गलत टाइप करना, किसी गलत कॉन्टैक्ट को सेलेक्ट कर लेना, टेक्निकल गलती या नेटवर्क की समस्या, फ्रॉड या धोखाधड़ी का शिकार होना।ऐसे मामलों में ट्रांजैक्शन पूरा हो जाता है लेकिन पैसा किसी और के खाते में चला जाता है।
तुरंत ऐप पर शिकायत करें- पैसे गलत व्यक्ति को जाएं तो तुरंत UPI ऐप में जाकर शिकायत करें। सभी ऐप्स में “Help” या “Report a Problem” का विकल्प होता है। “Wrong UPI Transaction” या “Sent to Wrong Person” विकल्प चुनें। मांगी गई जानकारी भरें और सबमिट करें। इससे आपकी शिकायत ऐप प्रोवाइडर के पास चली जाएगी और वे जांच शुरू करेंगे। यदि ऐप से समाधान नहीं होता, तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें। इसके लिए नजदीकी बैंक शाखा जाएं या बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करें। आपके पास ये जानकारी होनी चाहिए- ट्रांजैक्शन की तारीख और समय, ट्रांजैक्शन ID, रिसीवर की UPI ID या खाता विवरण, भेजी गई राशि। आप चाहें तो बैंक में लिखित शिकायत भी दे सकते हैं। बैंक आपकी शिकायत को रिकॉर्ड करेगा और जांच शुरू करेगा। अगर बैंक या ऐप 30 दिन में आपकी UPI समस्या नहीं सुलझाए, तो आप NPCI से शिकायत कर सकते हैं। NPCI से संपर्क करें: टोल-फ्री 1800-120-1740 या शिकायत फॉर्म भरें-npci.org.in। NPCI आपकी शिकायत जांचकर समाधान कराएगा।











