सुबह उठते ही “क्या आपको चाय मिली” पूछना हमारे दिन की शुरुआत का हिस्सा बन गया है। काम के बीच में, दोस्तों के साथ गपशप करते हुए या थकावट मिटाने के लिए – चाय हर मौके पर साथ निभाती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यह पसंद आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकती है? चाय में कैफीन, टैनिक एसिड और कई दूसरे तत्व होते हैं, जो सीमित मात्रा में तो फायदेमंद हो सकते हैं, लेकिन जरूरत से ज़्यादा चाय पीने पर ये शरीर के लिए नुकसानदायक बन सकते हैं। आइए जानते हैं कि चाय का अत्यधिक सेवन किन बीमारियों को जन्म दे सकता है।
एसिडिटी और पेट की समस्याएं- चाय में मौजूद टैनिक एसिड पेट की एसिडिटी को बढ़ा सकता है। खासकर खाली पेट चाय पीना पेट की आंतरिक परत को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे गैस, अपच, एसिड रिफ्लक्स और जलन जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।
नींद में बाधा- चाय में कैफीन होता है, जो एक तरह का उत्तेजक है। दिन में बार-बार चाय पीने से शरीर में कैफीन की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे नींद में खलल हो सकता है। नींद पूरी न होने से थकावट, चिड़चिड़ापन और मानसिक तनाव बढ़ सकता है।
हड्डियों को नुकसान- कुछ रिसर्च में पाया गया है कि ज़्यादा चाय पीने से शरीर में कैल्शियम का अवशोषण कम हो सकता है। इससे हड्डियां कमजोर हो सकती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस (हड्डियों के पतले और कमजोर होने की बीमारी) का खतरा बढ़ जाता है।
आयरन की कमी- टैनिक एसिड आयरन के अवशोषण को भी रोकता है। जो लोग ज्यादा मात्रा में चाय पीते हैं, उन्हें अक्सर खून की कमी यानी एनीमिया जैसी समस्या हो सकती है, खासकर अगर उनका खान-पान पहले से ही संतुलित न हो।
दिल की समस्याएं- कैफीन दिल की धड़कन को तेज कर सकता है। जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर या दिल की बीमारी है, उनके लिए ज़्यादा चाय पीना खतरनाक हो सकता है। इससे दिल पर दबाव बढ़ सकता है और हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है।
किडनी पर असर- चाय में ऑक्सलेट्स होते हैं, जो ज़्यादा मात्रा में शरीर में इकट्ठा हो जाएं तो किडनी स्टोन (गुर्दे की पथरी) बनने का खतरा बढ़ जाता है। रोजाना कई कप चाय पीने वालों को यह खतरा हो सकता है, खासकर अगर वे कम पानी पीते हैं।
यह भी पढ़ें-
तनाव और चिंता- अत्यधिक कैफीन सेवन से शरीर का सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम (जो तनाव के समय सक्रिय होता है) ज़्यादा सक्रिय हो जाता है। इससे घबराहट, बेचैनी, और तनाव की स्थिति बन सकती है।
कितनी चाय है सुरक्षित- स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, दिन में 1-2 कप चाय पीना आमतौर पर नुकसान नहीं करता, बशर्ते वह खाली पेट न हो और आपके शरीर को सूट करती हो। दूध वाली चाय की जगह हर्बल या ग्रीन टी का विकल्प बेहतर हो सकता है, लेकिन इनका भी सीमित मात्रा में सेवन जरूरी है।














