अमृतसर पुलिस ने 1.8 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मन्नू के रूप में हुई है। वह जठूल का रहने वाला है। यह कार्रवाई घरिंडा पुलिस ने की है। डीएसपी अटारी लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। मनप्रीत ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पंजाब के विभिन्न जिलों में हेरोइन की सप्लाई करता था। उन्हें सूचना मिली थी कि मनप्रीत डिफेंस ड्रेन के पास हेरोइन सप्लाई करने आया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे डिफेंस ड्रेन अटारी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से एक पैशन बाइक भी बरामद की गई है। एसएसपी अमृतसर (ग्रामीण) मनिंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, मांग और आपूर्ति की श्रृंखला तोड़ी जा रही है और नशे की लत को खत्म किया जा रहा है।

















