अमृतसर। पंजाब में केंद्रीय एजेंसियों व पंजाब पुलिस ने साझा अभियान चलाकर एक आतंकी को बम, पिस्तौल व कारतूस समेत गिरफ्तार किया है। अमृतसर में आंतकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक गुर्गे को दबोचा गया है। आरोपी के पास से एक हैंड ग्रेनेड, .30 बोर पिस्टल (पीएक्स5) और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान अमृतसर के पंडोरी के रहने वाले मलकीत सिंह के तौर पर हुई है। वह किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
मलकीत को केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर चलाए गए खुफिया अभियान के तहत अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि उसके सीधे संपर्क यूके आधारित गैंगस्टर धर्मा संधू के साथ हैं। गैंगस्टर धर्मा संधू बीकेआई आतंकी हरविंदर रिंदा का करीबी है। हरविंदर रिंदा बब्बर खालसा इंटरनेशनल का आतंकवादी है और पाकिस्तान में है। उसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन है। ज्ञात रहे कि मंगलवार को भी पुलिस ने दो आतंकियों को बम के साथ गिरफ्तार किया था और खडूर साहिब में एक बंद पड़ी फैक्ट्री से बम बरामद किया था।
















