नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक पुलिसकर्मी के व्हॉट्सएप स्टेटस से विवाद पैदा हो गया है। हिंदू संगठनों के आक्रोश के बाद सिपाही को फिलहाल लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने सिपाही को सस्पेंड करने की मांग की है। सिपाही पर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं कि क्या है यह पूरा मामला?
सिपाही सोहेल खान पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
आरोप लगाया जा रहा है कि सिपाही सोहेल खान ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास किया है। आरोपी सिपाही मधुबन बापूधाम थाने में तैनात है। सिपाही सोहेल खान जन्माष्टमी के दिन एक मंदिर में गया और वहां सेल्फी खींची और उसे अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर लगाया। इसके साथ ही उसने अपने स्टेटस पर एक धुन लगाई जिसमें कहा गया कि अल्लाह के अलावा कोई और इबादत के लायक नहीं है। सिपाही सोहेल खान का यह स्टेटस सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद हिंदू संगठनों ने इसका जबरदस्त विरोध शुरू कर दिया।
‘सिपाही वर्दी की आड़ में कर रहा इस्लाम का काम’
हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी का कहना है कि सिपाही सोहेल खान वर्दी की आड़ में इस्लाम का काम कर रहा है। ऐसे लोग ही मतांतरण कराने वाले झांगुर जैसों को बढ़ावा देते हैं। वहीं, गाजियाबाद पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि मामले की जांच एसीपी कविनगर को दी गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया गया है, साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

















