बरसात का मौसम आते ही बाजारों में भुट्टे की खुशबू फैल जाती है। सड़क के किनारे ठेले पर सिकता हुआ भुट्टा हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है। गर्मागरम, नींबू और नमक के साथ खाया गया भुट्टा न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। पर क्या आप जानते हैं कि यह साधारण दिखने वाला भुट्टा आपकी सेहत के लिए कितना उपयोगी हो सकता है? आइए जानते हैं भुट्टा खाने के कुछ जबरदस्त फायदे।
पाचन तंत्र मजबूत
भुट्टे में फाइबर की भरपूर मात्रा होती है, जो हमारे पाचन तंत्र के लिए बहुत लाभदायक है। यह कब्ज की समस्या को दूर करता है और पेट साफ रखने में मदद करता है। जिन लोगों को अक्सर पेट फूलने, गैस या एसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए भुट्टा रामबाण इलाज है।
वजन घटाने में मददगार
अगर आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो भुट्टा आपके डाइट में शामिल किया जा सकता है। इसमें कम कैलोरी होती है और यह जल्दी भूख नहीं लगने देता। फाइबर से भरपूर होने के कारण यह पेट भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे आप ज्यादा खाने से बच जाते हैं।
आंखों की रोशनी बढ़ाए
भुट्टे में विटामिन ए जैसे तत्व होते हैं, जो आंखों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हैं। यह आंखों की रोशनी को बनाए रखते हैं और उम्र के साथ होने वाली आंखों की बीमारियों से बचाव करते हैं।
यह भी पढ़ें-
दिल को रखे सेहतमंद
भुट्टा शरीर में अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाता है और खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर दिल की सेहत को बेहतर बनाते हैं और हृदय संबंधी बीमारियों से बचाते हैं।
इम्युनिटी बढ़ाए
भुट्टा विटामिन C और कई जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। नियमित रूप से भुट्टा खाने से सर्दी-जुकाम जैसी छोटी बीमारियों से बचाव होता है।
डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद
कई लोग सोचते हैं कि मीठा भुट्टा डायबिटीज़ के मरीजों के लिए हानिकारक होता है, लेकिन अगर इसे सीमित मात्रा में और सही तरीके से खाया जाए, तो यह ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। इसमें लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता है, जो ब्लड शुगर को धीरे-धीरे बढ़ाता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)











