पुलिस ने पांच अगस्त को दर्ज शिकायत के आधार पर आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमोद डोभाल के अनुसार, आरोपी पर एक महिला से दुष्कर्म का आरोप है।
थाना कोतवाली लक्सर हरिद्वार की वादी बेबी महाराजपुर कला ने थाने पर लिखित तहरीर दी कि उसकी पुत्री को आसिफ अली बहला-फुसलाकर भगा ले गया है, जिसके आधार पर थाना कोतवाली लक्सर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की गम्भीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये थे, जिसके अनुपालन में लक्सर पुलिस द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गयी।
गठित पुलिस टीम द्वारा बलात्कार के आरोपी आसिफ अली की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखनी शुरू कर दी गई, किन्तु आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। ठोस जांच/मैनुअल सर्च की मदद से दिनांक 14.08.2025 को लक्सर पुलिस द्वारा आरोपी को लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया तथा महिला को सकुशल बरामद कर लिया गया। महिला के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

















