देहरादून: उत्तरकाशी के धराली में आई प्राकृतिक आपदा के सम्बंध में सोशल मीडिया (फेसबुक) पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए विवादित पोस्ट करने का अमानवीय हरकत का मामला सामने आया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून अजेय सिंह ने इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए विशेष समुदाय के आरोपित युवकों के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया।
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार धराली में आई प्राकृतिक आपदा के सम्बन्ध में अली सोहराब नाम के व्यक्ति द्वारा बादल फटने से हुई त्रासदी की फोटो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड की, जिसमें त्रासदी से पहले व बाद के चित्रों को जोड़कर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। आरोप है कि उक्त पोस्ट में कुछ अन्य समुदाय विशेष के व्यक्तियों- दानिश मालिक, अहमद अंसारी व अन्य ने आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए उत्तरकाशी के क्षेत्रीय व्यक्तियों व लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। समाज में घृणा व वैमनस्यता फैलाने का भी प्रयास किया गया।
ऐसे में वायरल पोस्ट का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून द्वारा तत्काल अभियुक्तों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही के निर्देश दिये गये। वायरल पोस्ट के संबंध में सब-इंस्पेक्टर विक्की टम्टा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में अली सोहराब, दानिश मलिक, अहमद अंसारी व अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध धारा: 299, 353 (2) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया है।

















