हल्द्वानी: कुमाऊं मंडल में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर कुमाऊं के छह जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर कुमाऊं की जीवन रेखा मानी जाने वाली सड़कों पर पड़ा है। कुमाऊं कमिश्नर के अनुसार पूरे मंडल में 71 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। नैनीताल जिले में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित है।
यह भी पढ़ें-
Uttarkashi Cloudburst: धराली पहुंचे CM धामी, राहत कार्यों की समीक्षा कर दिए मदद का भरोसा
इस बीच, कैलाश मानसरोवर यात्रा भी प्रभावित हुई है। यात्रा का चौथा दल सुरक्षित धारचूला पहुंच गया है, लेकिन धारचूला और लिपुलेख के बीच लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यात्रा को वहीं रोक दिया गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि टीम को यथाशीघ्र बूंदी या गुंजी तक सुरक्षित पहुंचाया जा सके। कुमाऊं कमिश्नर श्री रावत ने बताया कि नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण अगले दो दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है। लोगों से नदियों से दूर रहने की सार्वजनिक घोषणाएँ की जा रही हैं। तराई क्षेत्रों में भी जलभराव की खबरें हैं। प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी है।
















