भुवनेश्वर । केन्दुझर जिले के बाद अब कटक में एक लव जिहाद का मामला सामने आया है। अपना मजहब छुपा कर लड़की को प्रेम जाल में फंसाने, विवाह के लिए इस्लाम में कन्वर्जन करने का दबाव डालने तथा अंतरंग दृश्य के वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर लड़की को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के कारण लड़की ने आत्महत्या कर लिया था।
इस मामले में कटक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के निवासी सानिरिपन (24) को बांग्लादेश सीमा पर कुसमुंडी से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के साथ-साथ अन्य गंभीर धाराएँ लगाई गई हैं।
अस्पताल में हुई पहचान और रिश्ते की शुरुआत
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जगतसिंहपुर की रहने वाली पीड़िता कटक के जोब्रा इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी। वहीं आरोपी भी सानिरिपन मेल नर्स के रूप में काम करता था। दोनों की पहचान वहीं हुई और सानिरिपन ने स्वयं को हिंदू बताकर युवती से प्रेम संबंध स्थापित किया। लेकिन बाद में युवती को सानिरिपन का असली मजहब पता चला। सच्चाई उजागर होने के बाद युवती ने उसके साथ संबंध समाप्त कर दिया।
ब्लैकमेलिंग और मतांतरण के दबाव का सिलसिला
आरोपी ने पीड़िता को इतना तंग किया कि उसने उस अस्पताल से नौकरी छोड़ दी। इसके बाद भी आरोपी ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया। कुछ दिनों बाद आरोपी भी नौकरी छोड़कर अपने गांव चला गया। वहां से भी वह लगातार पीड़िता को मानसिक रूप से उत्पीड़ित करता रहा।
यह भी पढ़ें – उत्तराखंड में युवती उत्पीड़न और मतांतरण मामले में समीरुल इस्लाम गिरफ्तार
संबंध खत्म होने के बाद भी आरोपी लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा। उसने पीड़िता के कुछ अंतरंग फोटो और वीडियो अपने पास रखे थे और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। सानिरिपन पीड़िता पर मतान्तरण कर विवाह करने के लिए बार-बार दबाव भी बना रहा था।
आत्महत्या से पहले आए लगातार कॉल
प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने 29 जून को कटक के मधुपटना थाना क्षेत्र स्थित अपने किराये के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने इस आत्महत्या के पीछे सानिरिपन की भूमिका को लेकर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें – योगी आदित्यनाथ ने भेदभावपूर्ण आदेश रद्द किया, अधिकारी निलंबित
पुलिस ने जब पीड़िता का मोबाइल फोन जांचा तो पता चला कि आत्महत्या से ठीक पहले अमर के 5 कॉल आए थे। मोबाइल में दोनों के बीच की चैट, तस्वीरें और वीडियो भी बरामद हुए। कॉल रिकॉर्ड से यह भी सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता को पिछले कुछ समय में 300 से अधिक बार फोन किया था।
पश्चिम बंगाल से आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और फोन ट्रैकिंग के जरिए उसे पश्चिम बंगाल के कुसमुंडी इलाके में खोज निकाला। एक विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस की सहायता से छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे कटक ट्रांजिट रिमांड पर लाया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उसे चौद्वार जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है और अमर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ओडिशा में बढ़ते लव जिहाद मामलों पर चिंता
ओडिशा में इस तरह के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अभी कुछ दिन पूर्व ही केन्दुझर जिले में एक इसी तरह का मामला सामने आया था जब पश्चिम बंगाल के एक ठेकेदार द्वारा एक लड़की को प्रेम जाल में फांस कर उसे इस्लाम में कन्वर्जन का दबाव बनाया गया था। जब लड़की राजी नहीं हुई तो उसने अपने सहयोगियों के जरिये लड़की का अपहरण करने का प्रयास किया था।
कठोर कानून की उठी मांग
ओडिशा में बढ़ रहे लव जिहाद के मामलों को देखते हुए अन्य उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के तर्ज पर लव जिहाद के खिलाफ कठोर कानून बनाने की मांग की जा रही है।











