देहरादून । देवभूमि में बाहरी लोगों के सत्यापन के दौरान फर्जी राशन कार्ड्स बनाए जाने के मामले भी पकड़ में आए। जिसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलों में राशन कार्ड्स का भी वेरिफिकेशन चलाए जाने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
शुरुआती जांच में बड़ा फर्जीवाड़ा
जानकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में ही दस हजार राशन कार्ड्स का फर्जीवाड़ा पकड़ में आ गया है। शासन से मिली जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले में 5307, देहरादून में 3 हज़ार 333 और पौड़ी जिले में 961 फर्जी राशनकार्ड चिन्हित किए गए है।
तीन जिलों में जांच पूरी, बाकी जारी
जानकारी के अनुसार अभी तीन जिलों में ही जांच-पड़ताल का काम पूरा हुआ है। शेष जिलों में राशन कार्ड्स के सत्यापन का काम चल रहा है।
फर्जी राशन कार्ड्स रद्द करने की कार्रवाई
मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर फर्जी राशन कार्ड्स को रद्द करने का काम भी शुरू हो गया है साथ ही इनके जरिए लिए गए राशन की भी जांच पड़ताल की जा रही है।
बाजार में बिक रहा था सरकारी राशन
धामी सरकार का मानना है कि फर्जी राशन कार्ड्स के जरिए सरकारी राशन लेकर उसे बाजार में बेचा जा रहा था। ऐसी सूचना मिलने पर ही सत्यापन ड्राइव चलाई गई है।
सीएम धामी की सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि फर्जी राशन कार्ड्स के जरिए सरकारी राशन हड़पने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि हमने सत्यापन की ड्राइव चलाई है जिसके अच्छे नतीजे सामने आ रहे है।
सामने आ सकता है एक लाख कार्ड्स का घोटाला
सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड में एक लाख से अधिक फर्जी राशन कार्ड्स का गड़बड़ झाला सामने आने वाला है।












