अजवाइन एक आम भारतीय मसाला है, जिसे हम अपने रसोई घर में अक्सर इस्तेमाल करते हैं। इसका स्वाद तीखा और खुशबू तेज होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भुनी हुई अजवाइन सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है? आइए जानते हैं कि रोजाना थोड़ी-सी भुनी हुई अजवाइन खाने से आपको कौन-कौन से फायदे मिल सकते हैं।
पाचन शक्ति बढ़ाए- भुनी हुई अजवाइन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह आपकी पाचन क्रिया को मजबूत बनाती है। अगर आपको गैस, बदहज़मी, पेट में भारीपन या जलन की समस्या रहती है, तो थोड़ी-सी भुनी हुई अजवाइन नमक के साथ चबाना बहुत फायदेमंद हो सकता है। इसमें पाए जाने वाले थाइमोल नामक तत्व पेट में पाचक एंजाइम को सक्रिय करता है, जिससे खाना जल्दी और सही से पचता है। अक्सर लोगों को गैस बनने, पेट में दर्द या अफारा हो जाने की शिकायत रहती है। ऐसे में भुनी हुई अजवाइन एक घरेलू उपाय की तरह काम करती है। इसे नमक के साथ लेने से गैस बाहर निकलती है और पेट दर्द से राहत मिलती है। बच्चों को भी पेट दर्द की स्थिति में थोड़ी-सी अजवाइन पानी में उबालकर दी जा सकती है।
सर्दी-खांसी और गले की खराश में फायदेमंद- भुनी हुई अजवाइन खाने से सर्दी-जुकाम और गले की खराश में भी राहत मिलती है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो संक्रमण से लड़ते हैं। आप चाहें तो इसे शहद के साथ भी ले सकते हैं, जिससे खांसी में जल्दी आराम मिलता है।
यह भी पढ़ें-
घर में जरूर लगाएं ये 7 पौधे, स्वास्थ्य के लिए होते हैं फायदेमंद
वजन घटाने में सहायक- जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए भुनी हुई अजवाइन बहुत फायदेमंद है। यह भूख को नियंत्रित करती है और मेटाबॉलिज्म को तेज करती है। सुबह खाली पेट एक चम्मच भुनी हुई अजवाइन गुनगुने पानी के साथ लेने से फैट बर्निंग की प्रक्रिया तेज हो जाती है।
मुंह की दुर्गंध दूर करें और सिर दर्द में आराम- अगर आपके मुंह से बदबू आती है तो भुनी हुई अजवाइन चबाना एक अच्छा उपाय है। यह मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करती है और ताज़गी देती है। इसे आप माउथ फ्रेशनर की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कुछ लोगों को माइग्रेन या सिर दर्द की शिकायत रहती है। भुनी हुई अजवाइन को कपड़े में बांधकर उसकी पोटली बना लें और सूंघें, इससे सिर दर्द में राहत मिलती है। इसके साथ-साथ इसे चबाने से भी फायदा हो सकता है।
श्वास संबंधी बीमारियों में राहत- अजवाइन के औषधीय गुणों की वजह से यह अस्थमा और ब्रोंकाइटिस जैसी श्वास संबंधी बीमारियों में राहत देती है। भुनी हुई अजवाइन को पानी में उबालकर पीने से छाती में जमा कफ बाहर निकलता है और सांस लेना आसान हो जाता है।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)













