पंजाब पुलिस की टेक्नीकल टीम ने कड़ा परिश्रम कर एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है जो पंजाबी कुड़ी नाम से फेसबुक चला कर पाकिस्तान को भारतीय सेना की जानकारी देता रहा। आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह के तौर पर हुई है।
आरोपी से बरामद हुए चार मोबाइल फोन
जांच के दौरान आरोपी से चार मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी मदद से वह दुश्मनों तक देश से जुड़ी खुफिया जानकारी पहुंचा रहा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी गुरप्रीत ने पाकिस्तान के साथ कई खुफिया सूचनाएं साझा की हैं। पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
आरोपी का रहस्योद्घाटन
गुरप्रीत सिंह पटियाल के नाभा के गांव फरीदपुर का रहने वाला है। वह भारतीय सेना की गतिविधियों की जानकारी पाकिस्तान में भारत के खिलाफ काम कर रहे व्यक्तियों को देता था। आरोपी पंजाबी कुड़ी नाम की फेसबुक आईडी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से तालमेल करता था।
एसएसपी वरुण शर्मा का बयान
एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना भादसों में धारा 152 बीएनएस 2023, धारा 3,4,5 ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट 1923 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की फेसबुक प्रोफाइल पर “लाइव इन कराची, पाकिस्तान” लिखा हुआ था।
पाकिस्तान को भेजा व्हाट्सएप एक्टिवेशन कोड
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने दिसंबर 2024 में अपने नाम पर एक सिम जारी करवाया था। उसने अपने नंबर का व्हाट्सएप एक्टिवेशन कोड पाकिस्तान में रहने वाली एक लड़की को दिया था, जो अब उस नंबर पर व्हाट्सएप चला रही है। आरोपी अभी भी अलग-अलग ऐप्स के जरिये पाकिस्तानी एजेंसियों से संपर्क करता था।
संवेदनशील जानकारी और टेलीकॉम डिवाइस भेजने का आरोप
जांच से यह भी सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे लोगों को सिम कार्ड, टेलीकॉम डिवाइस और संवेदनशील सैन्य जानकारी भेजता था। वह केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर भी था।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
एसएसपी ने कहा कि भारत की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी को थाना भादसों की पुलिस टीम ने तत्परता और मेहनत से गिरफ्तार किया। अदालत से पुलिस रिमांड लेकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
आगे की जांच जारी
थाना भादसों के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह हांडा की टीम ने इस पाकिस्तानी जासूस को पकड़ा है। आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहनता से जांच की जा रही है।

















