‘खेल और उसकी भावना का सम्मान होना चाहिए, लेकिन देश और उसका मान इन सब से ऊपर है’ इस तथ्य को एक बार फिर से भारतीय खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है। इसी के साथ विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 का बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल मुकाबला, जो भारत चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच 31 जुलाई को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में होना था, रद्द कर दिया गया है। भारत चैंपियंस ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया, जिसके पीछे अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत की ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच बढ़ा तनाव है। यह दूसरी बार है जब इस टूर्नामेंट में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से मना किया है।
दिग्गजों ने पहले ही खुद को कर लिया था अलग
भारत चैंपियंस, जिसमें युवराज सिंह, शिखर धवन, हरभजन सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना जैसे दिग्गज शामिल हैं, ने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के साथ किसी भी द्विपक्षीय खेल आयोजन में हिस्सा न लेने का फैसला लिया था। अप्रैल में हुए इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान गई थी, जिसके बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी कार्रवाई की थी। इस घटना ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने साफ कहा कि वे ऐसी स्थिति में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेंगे। शिखर धवन ने पहले ही मई में सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था, “मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और मैं पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलूंगा।”
इसे भी पढ़ें: गर्व से कहता हूं, हिंदू कभी टेररिस्ट नहीं हो सकता : राज्यसभा में अमित शाह ने कांग्रेस को दिखाया आइना
स्पॉन्सर ने कहा-आतंक और क्रिकेट एक साथ नहीं
टूर्नामेंट के प्रमुख प्रायोजक EaseMyTrip ने भी भारत के इस फैसले का समर्थन किया। कंपनी के सह-संस्थापक निशांत पिट्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आतंक और क्रिकेट एक साथ नहीं चल सकते। हम भारत के साथ खड़े हैं और किसी भी ऐसे आयोजन का समर्थन नहीं करेंगे जो आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले देश के साथ संबंधों को सामान्य करने की कोशिश करता हो।” EaseMyTrip ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वे भारत-पाकिस्तान मैच से जुड़े किसी भी आयोजन का हिस्सा नहीं होंगे।
आयोजकों का बयान
WCL आयोजकों ने एक बयान में कहा, “हम खेल के जरिए सकारात्मक बदलाव लाना चाहते थे, लेकिन जनता की भावनाओं का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। हम भारत चैंपियंस के फैसले का सम्मान करते हैं और पाकिस्तान चैंपियंस की खेलने की इच्छा को भी स्वीकार करते हैं।”

















