कभी-कभी हमारे जरूरी कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, गाड़ी के रजिस्ट्रेशन पेपर, स्कूल या कॉलेज के सर्टिफिकेट खो जाते हैं या समय पर नहीं मिलते। ऐसे में नए डॉक्यूमेंट बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। लेकिन अब इन परेशानियों से बचने के लिए सरकार ने एक बहुत ही उपयोगी डिजिटल सेवा शुरू की है जिसका नाम है DigiLocker।
DigiLocker एक ऑनलाइन क्लाउड स्टोरेज सेवा है, जिसे भारत सरकार ने नागरिकों के जरूरी दस्तावेजों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने के लिए शुरू किया है। इसकी शुरुआत साल 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। इसकी मदद से आप अपने दस्तावेजों को कहीं भी, कभी भी मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से देख और इस्तेमाल कर सकते हैं। अब आपको अपने जरूरी कागजात हर समय साथ लेकर चलने की जरूरत नहीं है।
DigiLocker की सबसे बड़ी खासियत क्या है- DigiLocker का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें आप अपने डॉक्यूमेंट्स को डिजिटल फॉर्मेट में सुरक्षित रख सकते हैं। इससे आपके कागज़ खोने का डर नहीं रहता और आप जब चाहें, जहां चाहें, इन्हें इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा सरकार ने अब कई जगह DigiLocker में रखे गए दस्तावेजों को असली डॉक्यूमेंट के बराबर मान्यता दी है। जैसे- ट्रैफिक पुलिस अगर ड्राइविंग लाइसेंस मांगे, तो आप उसे DigiLocker से दिखा सकते हैं। गाड़ी के रजिस्ट्रेशन पेपर्स भी अब डिजिटल फॉर्म में मान्य हैं। स्कूल, कॉलेज, और नौकरी में कई जगह डिजिटल सर्टिफिकेट स्वीकार किए जाते हैं। DigiLocker इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले आपको इसका अकाउंट बनाना होगा। इसके लिए नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करें- सबसे पहले DigiLocker की वेबसाइट पर जाएं- https://digilocker.gov.in या आप इसके मोबाइल ऐप को Google Play Store या iOS App Store से डाउनलोड कर सकते हैं। “Sign Up” या “Register” पर क्लिक करें। अब आपको अपना मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और आधार कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। OTP (वन टाइम पासवर्ड) के जरिए आपकी पहचान की जाएगी। पहचान पूरी होने के बाद आपका DigiLocker अकाउंट बन जाएगा। इसके बाद लॉगिन करें और “Upload Documents” पर क्लिक करके अपनी .jpg, .png या .pdf फाइल अपलोड करें। आपके आधार से जुड़े दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, मार्कशीट आदि खुद DigiLocker में दिखने लगेंगे, जिन्हें आप आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें-
EPFO की सेवाएं अब DigiLocker पर: पासबुक डिटेल्स और बैलेंस चेक करें कहीं भी, कभी भी
DigiLocker में कितनी स्टोरेज मिलती है- DigiLocker पर सरकार की तरफ से आपको 1 जीबी तक की क्लाउड स्टोरेज दी जाती है। इसमें आप निम्न डॉक्यूमेंट्स को अपलोड या लिंक कर सकते हैं- आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), स्कूल और कॉलेज की मार्कशीट व सर्टिफिकेट, जमीन या प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज, वोटर आईडी आदि। परिवहन मंत्रालय ने यह आदेश दिया है कि ट्रैफिक पुलिस और अन्य अधिकारियों को DigiLocker में दिखाए गए ड्राइविंग लाइसेंस और RC को वैध माना जाए। इसका मतलब है कि अब आपको फिजिकल पेपर्स साथ ले जाने की जरूरत नहीं है।











