अमेरिका का व्हाइट हाउस, राष्ट्रपति का कार्यालय। वहां जो कुछ भी हुआ वो किसी फिल्म की तरह था, जहां अमेरिका का 249वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने तथाकथित ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ पर हस्ताक्षर कर दिया। इस बिल में टैक्स में भारी कटौती, सामाजिक कल्याण योजनाओं में कटौती, और इमिग्रेशन नियमों को और सख्त करने जैसे कई बड़े बदलाव शामिल हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनने में तो ये बिल किसी सुपरहिट रेसिपी जैसा लगता है, लेकिन इसका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा, ये कहना अभी जल्दबाजी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि इसका विरोध भी खूब हो रहा है। विपक्षी डेमोक्रेट ने कहा कि रिपब्लिकन अरबपतियों के लिए काम कर रहे हैं न कि गरीबों के लिए।
दिखाई मिलिट्री पॉ़वर
व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित इस समारोह में सैन्य परिवारों की मौजूदगी थी, और ऊपर से बी-2 स्पिरिट स्टील्थ बॉम्बर और एफ-35 फाइटर जेट्स की फ्लाईओवर ने सबका दिल जीत लिया। ये वही जेट्स हैं, जिन्होंने हाल ही में ईरान के न्यूक्लियर साइट्स पर हमला किया था। ट्रम्प ने इसे “अमेरिका की नई उड़ान” करार दिया और मंच से गर्व भरे लहजे में कहा, “हमने जो कहा, वो किया। ये हमारे देश के लिए सबसे बड़ा तोहफा है।” सच कहें तो, माहौल में एक अलग ही जोश था, मानो कोई हॉलीवुड फिल्म का सीन चल रहा हो।
इसे भी पढ़ें: रूस-यूक्रेन युद्ध: अमेरिका ने रोकी सैन्य सहायता, रूस ने बढ़ाए हमले
बिल में क्या-क्या है?
‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ में कई बड़े बदलाव हैं। 2017 के ट्रम्प टैक्स कट्स को अब स्थायी कर दिया गया है, टिप्स और सोशल सिक्योरिटी पर टैक्स खत्म कर दिए गए हैं, और डिफेंस व बॉर्डर सिक्योरिटी के लिए मोटा बजट रखा गया है। लेकिन, बात यहीं खत्म नहीं होती। मेडिकेड और फूड असिस्टेंस जैसे कल्याणकारी कार्यक्रमों में 1.2 ट्रिलियन डॉलर की कटौती और इमिग्रेशन कंट्रोल के लिए 170 बिलियन डॉलर का अतिरिक्त फंडिंग ने विवाद खड़ा कर दिया है। कई लोग इसे लेकर सवाल उठा रहे हैं कि क्या ये बिल वाकई में हर अमेरिकी के लिए है?
डेमोक्रेट्स ने किया विरोध
वहीं दूसरी ओर इस बिल का विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स जमकर विरोध कर रही है। डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी के अध्यक्ष केन मार्टिन ने शुक्रवार को बिल को “विनाशकारी” करार दिया। उनका कहना है कि ये बिल अमेरिकियों के साथ किया गया विश्वासघात है। सीनेट में तो उपराष्ट्रपति जेडी वैंस को टाई-ब्रेकर वोट डालना पड़ा। हाउस में भी दो रिपब्लिकन सांसदों ने इसका विरोध किया, लेकिन बिल पास हो गया। हाउस माइनॉरिटी लीडर हकीम जेफ्रीज ने तो 8 घंटे 45 मिनट का मैराथन भाषण दे डाला, जिसमें उन्होंने इस बिल के सामाजिक नुकसानों की पूरी किताब खोल दी।
इसे भी पढ़ें: लड़ाकू विमान सौदे में राजीव गांधी बिचौलिया! : भाजपा सांसद का बड़ा आरोप, इंदिरा गांधी की भूमिका पर उठाए सवाल
अर्थव्यवस्था पर असर और जनता का मूड
कांग्रेसनल बजट ऑफिस (सीबीओ) की मानें तो ये बिल अगले दस सालों में राष्ट्रीय कर्ज को 3.3 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ा सकता है। इतना ही नहीं, करीब 1.18 करोड़ लोग हेल्थ इंश्योरेंस से बाहर हो सकते हैं। ट्रम्प और उनके समर्थक कहते हैं कि टैक्स कटौती से अर्थव्यवस्था में उछाल आएगा, लेकिन जनता का मूड कुछ मिला-जुला है। सर्वे बताते हैं कि टिप्स पर टैक्स खत्म करने जैसे कदमों को तो समर्थन मिल रहा है, लेकिन कल्याणकारी योजनाओं में कटौती और बढ़ते कर्ज की चिंता भी कम नहीं है।













